मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
भाजपा प्रत्याशी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने चुनाव प्रचार बंद होने से चंद घंटे पहले मसूरी में शक्ति प्रदर्शन किया. साथ ही उन्होंने लोगों से बीजेपी के पक्ष में वोट करने की अपील की. वहीं इस मौके पर उनके साथ बीजेपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या भी मौजूद थे.
मंत्री गणेश जोशी और तेजस्वी सूर्या ने मसूरी गांधी चौक पर जनसभा को संबोधित किया. वहीं उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी गीतों पर जमकर डांस किया. इसके बाद दोनों रिक्शे से माल रोड से भाजपा कार्यालय गए। मसूरी मलिंगार चौक से लेकर गांधी चौक तक गणेश जोशी ने ढोल और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ अपना शक्ति प्रदर्शन किया।
गणेश जोशी ने पहाड़ न्यूज को बताया कि मसूरी के लोगों ने मन बना लिया है कि इस बार उन्हें 21 हजार से ज्यादा वोटों से जीतकर विधानसभा भेजना है. क्योंकि उन्होंने हमेशा मसूरी का विकास किया है। इस जनसभा को देखकर विरोधियों के हौसले पस्त हो जाएंगे।
वहीं, तेजस्वी सूर्या ने कहा कि मसूरी में कार्यकर्ताओं और जनता के बीच भाजपा के प्रति प्रेम को देखकर साफ है कि गणेश जोशी मसूरी विधानसभा को भारी अंतर से जीतने जा रहे हैं. पूरे उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी की लहर है। लोग पीएम मोदी और अमित शाह के कामों से काफी प्रभावित हैं. 14 फरवरी को लाखों युवा मतदान केंद्र पर जाकर बीजेपी को वोट देने जा रहे हैं.
साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री यूनिफॉर्म सिविल कोड के फैसले को काबिले तारीफ बताया. उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड एक संवैधानिक दायित्व है। सभी सरकारों को इसे लागू करना चाहिए। समान नागरिक संहिता का अर्थ है, सबका साथ, सबका विकास।
तेजस्वी सूर्या ने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड में तुष्टीकरण की राजनीति करने की योजना बना रही है। कांग्रेस केवल एक समुदाय के लिए विश्वविद्यालय खोलने की बात कर समाज को बांटने की कोशिश कर रही थी, जिसमें वह विफल रही। उत्तराखंड हो या उत्तर प्रदेश, मणिपुर हो या गोवा, हर जगह एक ही घोड़ा है, वह है भारतीय जनता पार्टी। ऐसे में कांग्रेस कुछ नहीं कर पाएगी।

