मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

मालरोड स्थित विकास होटल की संपत्ति को लेकर आपसी विवाद चल रहा है. विवाद को लेकर होटल की मालकिन संयोगिता हरि की सुरक्षा में लगे चार निजी महिला सुरक्षा कर्मियों के साथ मध्यरात्रि को घर में घुसकर अभद्रता के मामले में पीड़ित सुरक्षा कर्मियों ने कोतवाली में शिकायत दर्ज करायी. जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, होटल विकास की संपत्ति को लेकर मालकिन संयोगिता हरि और उनके बेटों के बीच विवाद चल रहा है. संयोगिता हरि का आरोप है कि उनकी छोटी बहू और दो बड़े बेटे उनकी संपत्ति पर कब्जा करना चाहते हैं। और वे जबरन संपत्ति पर अपना अधिकार चाहते हैं। जिस पर उन्होंने अपनी जान की सुरक्षा के लिए चार निजी महिला सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है. उन्होंने बताया कि बीती रात करीब 2.30 बजे उनके बेटे अजय हरी और अमित हरी करीब 15 लोगों के साथ उन महिला सुरक्षाकर्मियों के कमरे में जबरन घुसे और उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और उनके कपड़े भी फाड़ दिए. उन्होंने अपने बेटों से खुद की जान को खतरा बताया है।

इस संबंध में सुरक्षाकर्मी शालिनी ने बताया कि वह अपनी ड्यूटी करके सो गए थे . लेकिन रात्रि करीब 2.30 बजे करीब 15 लोग उनके कमरे में जबरन घुस गए, जिसका उन्होंने विरोध किया. लेकिन उनकी संख्या अधिक होने के कारण वह कमरे में घुस गये और उन्होंने कहा कि तुम हमारी संपत्ति में कैसे प्रवेश कर गए। उन्होंने कहा कि वह यहां मां की सुरक्षा के लिए तैनात हैं। अगर वह कहती है तो हम चले जाएंगे। लेकिन उन्होंने एक नहीं मानी और अभद्रता करने लगे और दो लड़कियों के बाल खींचकर बाहर ले गये व सभी के साथ मारपीट की . जिसकी सूचना उन्होंने 112 नंबर पर दी और दो पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ भी बदसलूकी की। इसी बीच चौकी प्रभारी भी आए और उन्हें पकड़कर चौकी ले आए। लेकिन अब तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वह न्याय चाहते है। उन्होंने कोतवाली में लिखित तहरीर और मेडिकल दिया है।

इस संबंध में कोतवाल गिरीश चंद्र शर्मा का कहना है कि यह संपत्ति विवाद का मामला है. महिला सुरक्षाकर्मियों ने लिखित शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करेगी।