मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

बढ़ते पारा से पीड़ित लोग राहत पाने के लिए लगातार उत्तराखंड का रुख कर रहे हैं. वहीं चारधाम यात्रा को लेकर तीर्थयात्रियों की आवाजाही जारी है। राज्य के पर्यटन स्थलों में हर हफ्ते पर्यटकों का तांता लगा रहता है। इस सप्ताह भी हजारों लोग मसूरी, धनोल्टी, हरिद्वार और नैनीताल में पहुंच चुके हैं। जिससे लगातार जाम लगा रहता है। रविवार को धनोल्टी, मसूरी और हरिद्वार आने वाले पर्यटक घंटों जाम में फंसे रहे।

मसूरी में जेपी बैंड से जीरो प्वाइंट कैम्पटी रोड तक 5 किमी लंबा जाम लगा रहा। सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। इसी तरह माल रोड पर भी एक किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। यहां पर्यटकों का तांता लगा रहता है। यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। होटल और गेस्ट हाउस में 80 फीसदी से ज्यादा आक्यूपेंसी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी में लगातार जाम लगने से लोग काफी परेशान हैं. पूर्व में तैयार की गई सभी कार्य योजनाएं विफल होती दिख रही हैं। मसूरी के मुख्य चौक गांधी चौक से पेट्रोल पंप पर लगातार जाम लगा हुआ है. इससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस व प्रशासन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन कोई खास सफलता नहीं मिल रही है.

मसूरी कोतवाल गिरीश चंद शर्मा का कहना है कि मसूरी में अत्यधिक भीड़ के कारण मसूरी गांधी चौक से पेट्रोल पंप तक जाम की समस्या रहती है. उन्होंने कहा कि मसूरी गांधी चौक से कैंपटी तक का रास्ता बेहद संकरा है, जो जाम का मुख्य कारण है. जाम से निपटने के लिए भी पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मसूरी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि कई लोग अपने वाहन सड़क के किनारे खड़ा कर निकल रहे हैं, जिससे जाम की स्थिति बनी हुई है, उनके खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है.

वहीं टिहरी चंबा-मसूरी मार्ग पर सुरकंडा और धनोल्टी के बीच लंबा जाम लगा रहा. यहां भी ट्रैफिक व्यवस्था ठप हो गई, जिससे यात्री परेशान रहे। पहाड़ियों की रानी मसूरी में करीब 350 होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे हैं। इनमें आठ हजार कमरों के साथ करीब 25 हजार लोगों के ठहरने की क्षमता है। मसूरी के तमाम होटलों के खचाखच भरे होने के बाद भी पर्यटकों की आमद जारी है।

मई महीने के दूसरे शनिवार, रविवार और सोमवार को लगातार तीन दिन की छुट्टी होने के कारण पर्यटकों का हुजूम उत्तराखंड आ गया है। इससे पर्यटन स्थलों की शोभा तो बढ़ गई है, लेकिन लगातार जाम में सैलानी भी परेशान हो रहे हैं।

चारधाम यात्रा के बीच वीकेंड पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर का जाम लग गया है. भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसने से श्रद्धालुओं , पर्यटकों व आम यात्रियों को परेशानी हो रही है. जाम खोलने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। रविवार तड़के से बड़ी संख्या में वाहनों के हरिद्वार पहुंचने के कारण शहर के अंदर हाईवे सड़कों पर विभिन्न स्थानों पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही.

यहां तक कि फोरलेन भी वाहनों से पूरी तरह खचाखच भरा हुआ था। उत्तरी हरिद्वार से लेकर मध्य हरिद्वार में सिंहद्वार फ्लाईओवर तक विभिन्न स्थानों पर जाम लगा हुआ है। यह समस्या वीकेंड पर दिल्ली और आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आने के कारण पैदा हुई है. स्थिति यह है कि भीषण गर्मी के बीच हाईवे पर वाहन रेंग रहे हैं और लोग परेशान हैं.

बुद्ध पूर्णिमा स्नान के कारण रात तक भक्तों की भीड़ और बढ़ जाएगी। जिससे यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार ने बताया कि जाम को खोलने के प्रयास जारी हैं. शहर के बाहर भारी वाहनों को रोक दिया गया है। चारधाम तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ और वीकेंड पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं व पर्यटकों के हरिद्वार पहुंचने से जाम की स्थिति पैदा हो गई है.

मसूरी, ऋषिकेश और हरिद्वार में रात तक जाम लगा रहा। ऋषिकेश से हरिद्वार की ओर लौटते समय श्यामपुर रायवाला के बीच वाहनों की लाइन लग गई। मसूरी कैम्पटी रोड पर भी करीब छह किमी लंबा जाम लगा रहा। इस दौरान सैकड़ों वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते रहे।

रविवार को देहरादून के सहस्त्रधारा में पर्यटकों की भारी भीड़ रही। आलम ये रहा कि लोग लगातार जाम में फंसते रहे. वहीं केम्प्टी में भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिलती नजर आई। रविवार दोपहर कैंपटी फॉल्स में पर्यटकों ने खूब लुत्फ उठाया।

रविवार को जहां एक तरफ पहाड़ों की ओर जाने वाले पर्यटकों के वाहनों की कतार लगी रही वहीं दूसरी ओर कोटद्वार के सिद्धबली धाम पहुंचे श्रद्धालु भी अपने वाहनों से कोटद्वार पहुंचे. नतीजा यह रहा कि नेशनल हाईवे पर लगे जाम को खोलने में पुलिस के पसीने छूट गए. आलम यह रहा कि मंदिर के सामने नेशनल हाईवे पर दोनों तरफ करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा. जाम में चौपहिया वाहनों के साथ ही दोपहिया व तिपहिया वाहन वाहन फंसे नजर आए। वहीं पर्यटन नगरी लैंसडौन के साथ ही आसपास के इलाकों में पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों ने क्षेत्र का मनोरम दृश्य देखा।