मसूरी , पहाड़ न्यूज टीम

देहरादून के मसूरी में पिछले एक सप्ताह से अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी है. उधर, मसूरी नगर पार्षद गीता कुमाई ने नगर पालिका प्रशासन पर जिला प्रशासन और मसूरी के लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है. गीता कुमाई का कहना है कि अतिक्रमण अभियान में कुछ लोगों को बचाने के लिए नगर पालिका प्रशासन काम कर रहा है. ऐसे में जिला प्रशासन के अतिक्रमण हटाने के अभियान में दखलअंदाजी की जा रही है.

गीता कुमाई का कहना है कि मसूरी में छोटे तबके के अतिक्रमणकारियों को निशाना बनाया जा रहा है. जबकि होटल, शोरूम और रेस्टोरेंट के अतिक्रमण को बचाया जा रहा है. ऐसा नगर निगम प्रशासन की मिलीभगत से हो रहा है। नगर निगम प्रशासन ऐसे व्यापारियों को जिला प्रशासन के अतिक्रमण विरोधी अभियान से बचा रहा है.

गीता कुमाई का कहना है कि अभियान के तहत जिन दुकानों को हटाया गया है, उनमें से कुछ को नगर पालिका प्रशासन ने ही बनवाया था. या लोगों ने नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों के मौखिक आश्वासन पर ही दुकानें लगा दी थीं। ऐसे में अब जनप्रतिनिधि अपनी बातों से पीछे हट रहे हैं. वहीं अब नगर पालिका के अधिकारी जवाब देने से कतरा रहे हैं.