मसूरी, PAHAAD NEWS TEAM

मसूरी यमुना पेयजल योजना के तहत इन दिनों पहाडिय़ों की रानी मसूरी में 144 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है, जिसके लिए मसूरी के कई संपर्क मार्गों के साथ मसूरी के माल रोड को खोदा जा रहा है । वहीं कई इलाकों में पेयजल लाइन डालने के बाद भी सड़क नहीं बन पाई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

वहीं, माल रोड में हो रही खुदाई के कारण दुकानों की हालत खस्ता है. धूल के कारण दुकानों में रखा सामान खराब हो रहा है। माल रोड की खुदाई से पानी, बिजली और टेलीफोन लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे लोग परेशान हैं. लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, लेकिन कार्य संगठन जल निगम और गढ़वाल जल संस्थान के अधिकारी ध्यान देने को तैयार नहीं हैं, जिससे संबंधित विभाग और ठेकेदार के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है.

मसूरी से भाजपा के वरिष्ठ नेता मदन मोहन शर्मा का कहना है कि वह अपनी पत्नी के साथ घर में अकेले रहते हैं। ऐसे में उनके घर पिछले 5 दिनों से पानी की एक बूंद भी नहीं आई है. 75 साल की उम्र में उन्हें घर से कुछ दूरी पर एक होटल से बाल्टी में पानी लाने को मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई बार गढ़वाल जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई इस पर ध्यान देने को तैयार नहीं है.

ऐसे में भाजपा नेता अमित भट्ट को पूरे मामले से अवगत कराया गया, जिसके बाद अमित भट्ट ने गढ़वाल जल संस्थान के अधिकारियों से बात की और उन्हें चेतावनी दी कि 24 घंटे के अंदर क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति नहीं की जाती, तो वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ विभाग के खिलाफ आंदोलन करने के लिये मजबूर होंगे । जिसके बाद गढ़वाल जल संस्थान और जल निगम के अधिकारी ठेकेदार के साथ मौके पर पहुंचे और पेयजल लाइन की मरम्मत का काम शुरू किया गया लेकिन देर शाम तक पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी.

भाजपा नेता अमित भट्ट ने कहा कि मसूरी में पेयजल की समस्या को देखते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने केंद्र से 144 रुपये की मसूरी यमुना पेयजल योजना को मंजूरी दी थी. लेकिन ठेकेदार और जल निगम के अधिकारियों की लापरवाही से मसूरी के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में पूर्व कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से बातचीत करेंगे, ताकि मसूरी में पेयजल लाइन की व्यवस्था की जा सके.

इस पर ठेकेदार का कहना है कि मसूरी माल रोड में पेयजल लाइन बिछाने में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. क्योंकि मॉल रोड में ही बिजली और पानी के साथ टेलीफोन की लाइनें हैं, जिसे बचाकर सड़क खोदनी पड़ती है, जहां भी समस्या आ रही है, उस समस्या का तत्काल समाधान किया जा रहा है. लेकिन कुछ समस्याएं जटिल होती जा रही हैं, जिन्हें हल करने में समय लग रहा है।