मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
एक और पर्यटन सीजन नजदीक है, वहीं माल रोड में यमुना मसूरी पेयजल योजना का कार्य कछुआ गति से किया जा रहा है, जिससे व्यापारियों व स्थानीय निवासियों में काफी आक्रोश है, पेयजल निगम के अधिकारियों का कहना है कि यह योजना 3 माह के भीतर पूरी हो जाएगी।
मंगलवार को कार्यपालक अभियंता सुरजीत विकास ने माल रोड पर पेयजल लाइन का निरीक्षण किया, भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल के साथ मिलकर कार्य का जायजा लिया और संबंधित ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पेयजल योजना का कार्य तीन माह में पूरा कर लिया जायेगा और 5 अप्रैल के बाद माल रोड पर डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया जायेगा . उन्होंने बताया कि इस पेयजल योजना से मसूरी वासियों को 2053 तक लाभ मिलेगा और मसूरी में पानी की किल्लत को पूरी तरह से खत्म कर दी जाएगी । उन्होंने बताया कि जल्द ही एनएच से भी अनुमति मिल जाएगी और इस प्रोजेक्ट को और तेजी से पूरा किया जाएगा. मौके पर मौजूद भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने बताया कि यह योजना मसूरी वासियों के लिए है और अधिकारियों से बात कर इस योजना को जल्द पूरा करने को कहा है. उन्होंने कहा कि किसी भी विकास योजना में कुछ कठिनाइयां आती हैं लेकिन उसके लाभ दूरगामी होते हैं।

उन्होंने कार्यपालक अभियंता से कहा कि ब्लैक टॉप का काम जल्द से जल्द शुरू किया जाए ताकि व्यापारियों की परेशानी खत्म हो सके और पर्यटकों को माल रोड का आनंद लेने में कोई परेशानी न हो. बता दें कि इन दिनों मसूरी के माल रोड पर पेयजल लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है, जिससे माल रोड पर सड़कें खोदी जा रही हैं, जिससे पर्यटकों के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस योजना को जल्द पूरा करने के साथ ही स्थानीय व्यापारियों ने माल रोड पर डामरीकरण करने की मांग की है ताकि आने वाले पर्यटन सीजन में पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. इस अवसर पर पालिका सभासद अरविंद सेमवाल, मुकेश धनाई, सतीश ढौडियाल, धर्मपाल पंवार सहित पेयजल निगम के अधिकारी भारती रावत, एमएस रावत व ठेकेदार मौजूद थे. इसके बाद गांधी चौक पर भी निरीक्षण किया गया और व्यापारियों से बातचीत कर आश्वासन दिया गया कि जल्द ही काम पूरा कर लिया जाएगा.
भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा मसूरी में पेयजल की समस्या को देखते हुए राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी के सहयोग से केंद्र सरकार की ओर से 144 करोड़ रुपये की पेयजल योजना लाई गई है . जिसके तहत मसूरी नगर पालिका क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि जब माल रोड में पेयजल लाइन बिछाने का काम पूरा हो गया है और 10 तारीख तक माल रोड को सुव्यवस्थित कर दिया जाएगा, लेकिन मसूरी ट्रेडर्स वेल्फेयर एसोसिएशन अनावश्यक राजनीति कर रहा है.
उन्होंने कहा कि जब लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही थी तो मसूरी ट्रेडर्स वेल्फेयर एसोसिएशन के अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया और अब जब माल रोड का काम पूरा होने जा रहा है तो वे राजनीति कर रहे हैं लेकिन इससे कुछ होने वाला नहीं है. . क्योंकि जनता सब जानती है। उन्होंने कहा कि मसूरी माल रोड को व्यवस्थित करने के लिए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और वह खुद अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और जल्द ही माल रोड के साथ अन्य संपर्क मार्गों की मरम्मत का काम भी पूरा कर लिया जाएगा. इस मौके पर उनके साथ अरविंद सेमवाल, सतीश ढौंडियाल, मुकेश धनाईआदि लोग मौजूद थे.

