मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
राजपुर विधानसभा से यूकेडी उम्मीदवार बिल्लू वाल्मीकि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और अन्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. आरोप है कि अनुज गुप्ता और उनके समर्थकों ने बिल्लू को पीटा और गैस से जलाने की कोशिश की.
बता दें कि उत्तराखंड क्रांति दल के उम्मीदवार बिल्लू वाल्मीकि पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसके बाद बिल्लू वाल्मीकि ने जिलाधिकारी देहरादून के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. जिसमें उन्होंने मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और अज्ञात लोगों के खिलाफ उन पर जानलेवा हमला जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल कर और गैस भट्टी से जलाने का आरोप लगाया है.
इसके अलावा उन्होंने पुलिस प्रशासन पर हमलावरों को बचाने का आरोप लगाया है. उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखकर न्याय की मांग की है. बिल्लू वाल्मीकि ने बताया कि 17 फरवरी को मसूरी में मासौनिक लॉज बस स्टैंड के पास नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और अज्ञात उनकी दुकान में घुस गए. इस दौरान उनका किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि अनुज गुप्ता और उनके कुछ लोगों ने उन पर हमला किया और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।
जिसके बाद उन्होंने मसूरी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने अनुज गुप्ता व अज्ञात के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट व आईपीसी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया, लेकिन अनुज गुप्ता व अज्ञात लोगों को गिरफ्तार नहीं किया गया.

