मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

जल जीवन मिशन के तहत मसूरी क्यारकुली भट्टा गांव में चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया. जिसमें कालसी और चकराता के 52 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

जल जीवन मिशन पर चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम और राज्य जल स्वच्छता मिशन द्वारा समर्थित कार्यक्रम में ग्राम पंचायतों और वीडब्ल्यूएससी के 52 प्रतिनिधियों ने भाग लिया । प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत टीम ने ग्राम पंचायत क्यारकुली भट्टा का दौरा किया। उन्होंने ग्राम पंचायत क्यारकुली भट्टा में जल जीवन मिशन के कार्यों को देखा और सराहा।

टीम ने बासागाड़ बड़ोखेत का स्थलीय दौरा किया और परगाखाला स्रोत का भी निरीक्षण किया। पेयजल स्रोत पर ही ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति की जल गुणवत्ता परीक्षण समिति के सदस्यों ने पानी की गुणवत्ता की विस्तृत जानकारी दी. इस दौरान मौजूद टीम को फील्ड टेस्ट किट और उसके मापदंडों से अवगत कराया गया. इस संबंध में युवा छात्रावास में संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया।

संगोष्ठी में उत्तराखंड जल संस्थान के सहायक अभियंता टीएस रावत ने क्यारकुली भट्टा में विभाग द्वारा किए गए जल जीवन मिशन के कार्यों, अंशदान स्कीम का रखरखाव एवं मैनेजमेंट, स्रोत संरक्षण एवं संवर्धन, जल प्रबंधन एवं उसके चुनौतियों और समाधानों के बारे में विस्तार से बताया ।

ग्राम प्रधान कौशल्या रावत ने 2 अक्टूबर को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीधे संवाद कार्यक्रम के अनुभव, जिसमें ग्राम पंचायत क्यारकुली भट्टा में किए गए कार्य, समस्याएं और उनके समाधान, टीम के सदस्यों के साथ साझा किए।