देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार सुबह देहरादून की सड़कों पर साइकिल चलाते नजर आए. इस दौरान उन्होंने युवाओं को फिट रहने का मंत्र भी दिया। मौका था मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल के तहत साइकिल रैली का आयोजन करने का। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रैली का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से मसूरी विंटर कार्निवाल के तहत साइकिल रैली का शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी विंटर कार्निवाल पर्यटन को बढ़ावा देने वाला महोत्सव है। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह साइकिल रैली देहरादून से मसूरी तक होगी। इस दौरान खुद मुख्यमंत्री भी साइकिल पर सवार हुए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड का प्राकृतिक सौन्दर्य पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में सड़क, हवाई और रेल कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है। प्रदेश में नए पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी देहरादून श्रीमती सोनिका, अपर जिलाधिकारी श्री के के मिश्रा, जिला पर्यटन अधिकारी श्री जसपाल चौहान, जिला कमांडेंट होमगार्ड डॉ. राहुल सचान मौजूद थे.