मसूरी में विंटर लाइन कार्निवाल सोमवार से शुरू हो जाएगा। विंटर लाइन कार्निवाल कमेटी के सचिव व एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने संचालन समितियों की बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की. साथ ही कार्निवाल में स्वयंसेवकों को तैनात करने की बात कही।
एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा, विंटर लाइन कार्निवाल में स्वयंसेवक कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्था देखेंगे। ट्रेकिंग, खेलकूद, पुरस्कार, विदाई, स्टॉल व्यवस्था, भोजन, रात्रि विश्राम, झांकी साज-सज्जा के लिए समितियों एवं उपसमितियों का गठन किया गया है। 26 दिसंबर को सुबह राजपुर-झाड़ीपानी-बड़लोगंज में ट्रेकिंग के साथ-साथ लोग बर्ड वाचिंग और फोटोग्राफी में भी हिस्सा ले सकते हैं।
दोपहर 12 बजे से सांस्कृतिक झांकी शुरू होगी। गांधी चौक पर सीआरपीएफ बैंड दो बजे, आईटीबीपी बैंड तीन बजे, चार बजे पद्मश्री डॉ. माधुरी बड़थवाल मांगल गीत की प्रस्तुति देगीं। चार बजे कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि द्वारा किया जाएगा। छह बजे टाउनहॉल में स्वर्णिमा गुसाईं का क्लासिक संगीत कार्यक्रम, सात बजे बंसती बिष्ट जागर में प्रस्तुति देगी। लखविंदर सिंह वडाली (वडाली ब्रदर) रात 8 बजे स्टार नाइट पर परफॉर्म करेंगे।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, सभासद अरविंद सेमवाल, दर्शन रावत, उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप साहनी, मसूरी होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संजय अग्रवाल, अजय भार्गव, नंदलाल सोनकर, नागेन्द्र उनियाल आदि मौजूद रहे.

