पौडी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कोटद्वार दौरे के दौरान एक पुलिस अधिकारी को फोन पर बात करना भारी पड़ गया. इस मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय ने कार्रवाई की है. सीएम के दौरे के दौरान लापरवाही बरतने के मामले में पुलिस अधिकारी को पुलिस ट्रेनिंग सेंटर नरेंद्रनगर, टिहरी भेजा गया है. जबकि जया बलूनी को पौडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री 14 अगस्त को कोटद्वार में आपदा प्रभावित क्षेत्र के दौरे पर थे. इसी दौरान एक स्थानीय पुलिस अधिकारी फोन पर बात कर रहे थे. तभी मुख्यमंत्री उनके आसपास खड़े थे. प्रोटोकॉल के मुताबिक अधिकारी को मुख्यमंत्री के साथ जाना था, लेकिन इस बीच वह लगातार फोन पर बात कर रहे थे, जो उनके लिए भारी पड़ गया.

मुख्यमंत्री कार्यालय ने इसकी शिकायत पुलिस मुख्यालय से की. जिसके बाद अधिकारी पर कार्रवाई की गई है. पौडी के पुलिस अधिकारी को हटाकर नरेन्द्रनगर पीटीसी (पुलिस ट्रेनिंग सेंटर) भेजा जा रहा है.

उनकी जगह पुलिस मुख्यालय में तैनात जया बलूनी को पौडी का चार्ज दिया जा रहा है. बताया जा रहा है कि जब मुख्यमंत्री पौडी गढ़वाल के कोटद्वार पहुंचे तो उनका कार्यक्रम सबसे पहले हवाई सर्वेक्षण का था. लेकिन अचानक उनका कोटद्वार उतरने का प्लान बदल गया. जब सीएम कोटद्वार में उतरे तो पुलिस अधिकारी फोन पर बात कर रहे थे।

आपको बता दें कि इन दिनों उत्तराखंड में बारिश ने कहर बरपा रखा है. जिससे राज्य में आपदा जैसी स्थिति पैदा हो गई है. राज्य में पहाड़ से लेकर मैदान तक हालात खराब हो गये हैं. सरकार के साथ-साथ प्रशासन भी लगातार हालात की जानकारी ले रहा है. सीएम धामी भी लगातार आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं. वे लगातार आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं।

इतना ही नहीं सीएम धामी हर दूसरे दिन आपदा कंट्रोल रूम का दौरा कर अधिकारियों को जरूरी मार्गदर्शन भी दे रहे हैं. वे स्थिति पर गंभीरता से नजर रख रहे हैं. ऐसे में उनकी यात्रा के दौरान लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की गई है.

रक्षाबंधन समारोह की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी