मसूरी : पहाड़ों की रानी मसूरी में कड़ाके की सर्दी होने से कुछ सड़कों व आसपास के क्षेत्र में पाला पड़ रहा हैं। जिससे सड़क पर दौड़ रहे वाहनों खासकर दुपहिया वाहनों के फिसलने से सवारियां घायल हो रही हैं। जिस पर एनएच 707ए ने एसडीएम के निर्देश पर सड़क पर चूना छिड़क दिया है ताकि सड़क का प्रयोग करने वालों को बचाया जा सके.
एसडीएम शैलेंद्र नेगी ने बताया कि सर्दियों में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए एनएच व लोनिवि को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि इस मौसम में सड़क पर चलने वालों को कोई परेशानी न हो और यात्रा सुरक्षित रहे. इसके तहत बर्फबारी की स्थिति में जेसीबी लगाने, पाले वाले इलाकों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने और चूना छिड़कने के निर्देश दिए हैं।

जिस पर एनएच 707ए के अवर अभियंता अमित वर्मा ने बताया कि इस बार अभी बर्फ नहीं पड़ी है लेकिन विभाग पूरी तरह से सतर्कता बरत रहा है. इन दिनों मसूरी केम्प्टी रोड पर पाला पड़ रहा है, जिससे वाहनों खासकर दुपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बढ़ गया है, जिसे देखते हुए एसडीएम मसूरी के निर्देश पर जीरो प्वाइंट से संतुला देवी मंदिर तक पूरी सड़क पर चूना छिड़का गया है. किमी 160 जीरो प्वाइंट, 159 सांझा दरबार होटल सनग्रेस व 158 इंदिरा कॉलोनी में चूना छिड़काव किया गया है। साथ ही बर्फबारी की स्थिति में भी विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है।

