मसूरी : मसूरी में हो रहे अवैध निर्माण पर देहरादून विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिसके चलते कार्यपालक अभियंता के नेतृत्व में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मसूरी टिहरी बस स्टैंड पर अवैध रूप से बने 3 भवनों व एक दुकान को सील कर दिया. भट्टा गांव औरं बार्लोगंज में भी एक-एक बिल्डिंग को सील कर दिया गया है.

कई घर और दुकानें सील

मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के कार्यपालक अभियंता अतुल गुप्ता के नेतृत्व में पिछले दिनों मसूरी में पुलिस के सहयोग से अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गयी है. जिसके तहत मसूरी टिहरी बस स्टैंड वुड स्टाक रोड पर नसीम अहमद का दो मंजिला घर और एक दुकान को जब्त कर लिया गया है. सतवीर सिंह के दो मंजिला मकान को सील कर दिया गया है। वहीं, खेम सिंह खरोला के तीन मंजिला मकान को भी सील कर दिया गया है. इसके अलावा मसूरी भट्टा गांव में नंदू द्वारा किए गए अवैध निर्माण को भी जब्त कर लिया गया है. वहीं, मसूरी बार्लोगंज में पदम सिंह राणा द्वारा बनाई गई इमारत को भी जब्त कर लिया गया है।

पहले दिया गया था नोटिस

कार्यपालन यंत्री अतुल गुप्ता ने बताया कि पूर्व में मसूरी में कई अवैध रूप से निर्मित भवनों को नोटिस देकर काम रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नोटिस के बाद भी काम जारी रहा. जिसके बाद मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के संयुक्त सचिव एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल के निर्देश पर सीलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

उन्होंने कहा कि मसूरी में शुक्रवार को पांच बड़े घरों को सील कर दिया गया है और मसूरी में बड़े अवैध निर्माण पर जल्द कार्रवाई की जानी है. उन्होंने कहा कि मसूरी में किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिसके लिए पूर्व में भी लोगों से आग्रह किया गया है कि किसी अन्य निर्माण कार्य को करने से पहले प्राधिकरण की अनुमति और नक्शा पास करवा लें। ताकि इन्हें बनाने में कोई दिक्कत न हो।

आपको बता दें कि मसूरी टिहरी बस स्टैंड के पास ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में अवैध रूप से निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसकी शिकायत लोग लगातार कर रहे थे. वही निर्माण पूरा होने के बाद अब मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की आंखें खुली हैं, जिसके बाद कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि मसूरी टिहरी बस स्टैंड पर अभी भी कई अवैध निर्माण चल रहे हैं, जिन पर कार्रवाई की जाए.