नई दिल्ली , PAHAAD NEWS TEAM

भारत में कोरोना के ओमिक्रोन वेरिएंट ने दस्तक दे दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि देश में अब तक ओमिक्रोन वैरिएंट के दो मामले सामने आ चुके हैं. ये दोनों मामले कर्नाटक के हैं। 66 साल और 46 साल की उम्र के लोगों में ओमाइक्रोन संक्रमण पाया गया है। अब तक करीब 29 देशों में ओमिक्रोन वेरिएंट के 373 मामले सामने आ चुके हैं। ICMR के DG बलराम भार्गव ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा स्थापित 37 प्रयोगशालाओं के INSACOG के जीनोम अनुक्रमण प्रयास के माध्यम से कर्नाटक में अब तक ओमाइक्रोन के दो मामलों का पता चला है। हमें घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन कोरोना को लेकर जागरूकता बहुत जरूरी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में कोरोना के मामलों की जानकारी देते हुए कहा कि केरल और महाराष्ट्र दो ऐसे राज्य हैं जहां इस समय कोरोना के 10 हजार से ज्यादा सक्रिय मामले हैं. देश के 55 फीसदी मामले इन्हीं दोनों राज्यों में दर्ज किए गए हैं। देश में इस समय कोविड के 99,763 सक्रिय मामले हैं। पिछले 24 घंटों में देश में कोविड के 9,765 नए मामले सामने आए हैं।

लव अग्रवाल ने टीकाकरण की जानकारी देते हुए कहा कि अब तक हम देश में लोगों को कोविड वैक्सीन की 125 करोड़ से अधिक खुराक लगा चुके हैं. 84.3 प्रतिशत लोगों को टीके की पहली खुराक मिल चुकी है और 45.92 प्रतिशत लोगों को टीके की दोनों खुराक मिल चुकी है।