चमोली : जिले के विकासखंड नंदानगर घाट में विवादित जमीन पर निर्माण को लेकर एक बार फिर खींचतान मच गई है. विवादित भूमि में चल रहे निर्माण को कुछ नागरिकों ने बीती आधी रात को तोड़ दिया। शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस ने पीएससी तैनात कर दी है। प्रशासन ने नागरिकों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की है। चमोली उपजिलाधिकारी, संयुक्त दंडाधिकारी दीपक सैनी ने बताया कि नंदानगर घाट पर शांति व्यवस्था कायम की गयी है. संबंधित मामले में जमीन के कागजात सहित निर्माण की जांच की जा रही है।
विवादित जमीन पर धार्मिक स्थल बनाने का विरोध गौरतलब है कि नंदनगर घाट की एक जमीन को लेकर दो दशक से विवाद चल रहा है. यहां पहले एक समुदाय के नागरिकों द्वारा पूजा स्थल बनाने का प्रयास किया गया था। फिर विरोध के बाद काम बंद कर दिया गया। हालांकि कथित तौर पर इस जमीन पर पूजा के लिए तिरपाल बिछाया गया था। जिसे बाद में टिन शेड में तब्दील कर दिया गया था। विवाद के बाद विवादित जमीन पर निर्माण नहीं करने का समझौता हुआ।
वायरल खबर ने बढ़ाया लोगों का गुस्सा : बताया जा रहा है कि इस जगह पर कुछ दिन पहले निर्माण शुरू हुआ था. प्रचार किया गया कि यहां वजूखाना के निर्माण के साथ ही इबादत्त स्थल का निर्माण किया जा रहा है। इंटरनेट मीडिया पर भी धार्मिक स्थल बनाए जाने की बात वायरल हुई है। बताया गया कि बुधवार देर रात कुछ लोगों ने विवादित निर्माण को तोड़ दिया।
इस दौरान आधी-अधूरी दीवार तोड़कर नए निर्माण स्थल पर सामान जलाने की बात भी सामने आई है. बताया गया कि इस दौरान नंदानगर घाट की बिजली भी गुल हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस रात में ही सक्रिय हो गई, लेकिन मौके पर कोई मौजूद नहीं था.

विवादित जमीन पर निर्माण को लेकर निर्देश : पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. शांति के लिए मौके पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात है। घटना के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। चमोली के कोतवाल कुलदीप सिंह रावत, तहसीलदार धीरज सिंह राणा की मौजूदगी में नागरिकों से वार्ता की गई.
नायब तहसीलदार घाट राकेशचंद्र देवली ने बताया कि समुदाय को विवादित जमीन पर कोई नया निर्माण नहीं करने की हिदायत दी गई है. नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की। मामले में जमीन व निर्माण की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि विवादास्पद टीन शेड के बगल की जमीन पर किए जा रहे पक्के निर्माण को अज्ञात ने तोड़ दिया है.

