पौड़ी : गढ़वाल के सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत व पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी ने कल्जीखाल प्रखंड के कु़ड़ीगांव निवासी सेना जवान स्वर्गीय कोमल खुगशाल के परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान सांसद रावत ने दिवंगत जवान के पिता रामप्रकाश खुगशाल और शोक संतप्त परिजनों का हौसला बढ़ाया.

गढ़वाल के सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि उनके असमय बेटे के निधन से पूरा जिला शोक में है. इस दौरान दिवंगत जवान कोमल की पत्नी और एक साल के बेटे को देख सांसद रावत की आंखें नम हो गईं। हालांकि, उन्होंने जवान की याद में किसी सड़क या स्कूल का नाम आदि रखे जाने की बात नहीं की.
गौरतलब है कि रविवार को कुड़िगांव निवासी 20 गढ़वाल राइफल के जवान कोमल खुगशाल की चंडीगढ़ अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी. जवान पंजाब के बठिंडा में 20-गढ़वाल राइफल में तैनात था। जहां जवान की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे कमांड अस्पताल चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया। जवान कोमल खुगशाल ने चंडीगढ़ के इसी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
कल्जीखाल प्रखंड के असवालस्यूं पट्टी के कु़ड़ीगांव निवासी कोमल खुगशाल पुत्र 27 वर्षीय रामप्रकाश खुगशाल वर्ष 2012-13 में 20-गढ़वाल राइफल में भर्ती हुए थे. चंडीगढ़ के आर्मी कमांड अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहां से सेना के अधिकारी जवान का पार्थिव शरीर लेकर उनके पैतृक गांव कुड़ीगांव पहुंचे। उन्हें पैतृक घाट दंग्लेश्वर में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

