श्रीनगर , पहाड़ न्यूज टीम
श्रीनगर के पैठाणी विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से सिर्तोली-ताराकुंड मार्ग का काम अधर में लटका हुआ है. सड़क निर्माण की घोषणा हो चुकी है, लेकिन अब तक शासन से सड़क निर्माण की अनुशंसा नहीं मिली है. जिसके बाद जिलाधिकारी पौड़ी ने सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिये.
सिर्तोली-ताराकुंड क्षेत्र के लोग लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं। इसे देखते हुए स्थानीय विधायक और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने जल्द ही ग्रामीणों को सड़कें देने की बात कही थी. लेकिन अब तक इस सड़क के निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ है, जिसे देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने पैठानी में सिर्तोली-ताराकुंड मार्ग का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान संबंधित लोक निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि सड़क निर्माण से संबंधित प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है और वहां से अभी स्वीकृति नहीं मिली है. इस पर जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता को अपनी ओर से शासन को पत्र भिजवाने का निर्देश दिया, जिसमें सड़क निर्माण कार्य को तत्काल स्वीकृति देने की पहल हो, साथ ही शासन से स्वीकृति दिलाने की पहल की जाये.
ताकि सड़क निर्माण के लिए धन प्राप्त हो सके और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। इस दौरान कार्यपालक अभियंता लोक निर्माण विभाग केएस नेगी व एई अशोक कुमार यादव मौजूद रहे.

