पौड़ी , PAHAAD NEWS TEAM

पाबो थाना क्षेत्र के जंगल में काफल लेने गई महिला को गुलदार ने निवाला बना लिया. घटना शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है। मृतक की सहेली ने घटना की जानकारी परिजन व पुलिस को दी।

पाबो थाना क्षेत्र के चोपड्यूं तहसील के जंगल में काफल लेने गई महिलाओं पर गुलदार ने हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि शाम को दो महिलाएं गांव के पास के जंगल में काफल तोड़ने गई थीं. पाबो थाना प्रभारी दीपक सिंह पंवार ने बताया कि गुलदार के हमले में चपलोड़ी गांव निवासी सुषमा देवी (45) पत्नी हरि सिंह रावत की मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि सुषमा के साथ एक अन्य महिला गुड्डी देवी भी थी। गुड्डी देवी ने परिवार और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि ये दोनों महिलाएं गांव के पास के जंगल में काफल लेने गई थीं. देर शाम जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता होने लगी। इधर-उधर तलाश करने के बाद गुड्डी देवी रोते हुए गांव पहुंच गई। उसने बताया कि दोनों काफल तोड़कर घर लौट रही थी। तभी घात लगाकर बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। गुड्डी देवी किसी तरह हमले में बच गई, लेकिन सुषमा देवी को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया।