पौड़ी , पहाड़ न्यूज टीम
पौड़ी जिले के सपलोड़ी गांव में ग्रामीणों द्वारा गुलदार को जिंदा जलाने के मामले में गढ़वाल वन प्रभाग के नागदेव रेंज पौड़ी के तहत ग्राम प्रधान समेत 150 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर दी गई है. बुआखाल अनुभाग नागदेव रेंज पौड़ी के वन दरोगा सतीश चंद्र द्वारा दी गई लिखित शिकायत के बाद एफआईआर हुई.पाबौ चौकी के एसआई दीपक पंवार को एसएसपी के आदेशों के बाद मामले की जांच सौंपी गई है.
ग्राम प्रधान अनिल कुमार, देवेंद्र, हरि सिंह रावत, सरिता देवी, विक्रम सिंह व कैलाश देवी के अलावा सपलोड़ी, सरणा व कलमोरी गांवों के करीब 150 ग्रामीणों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, वन कर्मियों पर हमला करने तथा पिंजरे में कैद गुलदार को मार डालने के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
आप को बता दे कुछ दिन पहले पौड़ी जिले के सपलोड़ी गांव में पिंजरे में बंद गुलदार को गुस्साई भीड़ ने जलाकर मार डाला. आरोप है कि मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम के काफी समझाने के बाद भी भीड़ ने घटना को अंजाम दिया. सीसीएफ गढ़वाल सुशांत कुमार पटनायक ने डीएफओ से मामले में मुकदमा दर्ज कराने को कहा है.
सपलोड़ी गांव में 15 मई को जंगल में काफल लेने गई महिला की गुलदार ने मार डाला था . सोमवार की रात सपलोड़ी पास कुलमोरी गांव में गुलदार ने एक महिला पर हमला भी कर दिया. सोमवार की रात सपलोड़ी गांव में बने पिंजड़े में गुलदार को कैद कर लिया गया.
पौड़ी वनाधिकारी अनिल भट्ट ने बताया कि लोगों ने पिंजड़े में बंद गुलदार को मौके से नहीं ले जाने दिया और पिंजरे के ऊपर घास आदि डालकर आग लगा दी. डीएफओ गढ़वाल मुकेश कुमार ने बताया कि पीएम की रिपोर्ट आने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी.

