पौड़ी : एसडीएम पौड़ी आकाश जोशी और युवा कांग्रेस नेता नितिन बिष्ट के बीच हुए विवाद पर अब तहसील कर्मियों ने जिला प्रशासन को कार्य बहिष्कार का अल्टीमेटम दिया है. कर्मचारियों ने डीएम विजय कुमार जोगदंडे से मुलाकात कर इस मामले में आरोपी नितिन बिष्ट की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई है. तहसील कर्मचारियों ने जिला प्रशासन को 2 दिन का समय दिया है।
कहा कि यूथ कांग्रेस नेता व उनके साथियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो तहसील के सभी अधिकारी-कर्मचारी बहिष्कार करेंगे.

पौड़ी तहसील में अग्निवीर भर्ती प्रमाण पत्र बनवाने के दौरान 20 अगस्त की देर शाम युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नितिन बिष्ट और एसडीएम आकाश जोशी के बीच विवाद हो गया. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस मामले में पौड़ी के एसडीएम ने पुलिस को सरकारी काम में बाधा डालने और उन्हें व काम में लगे कर्मियों को धमकाने की शिकायत दी थी. जिस पर पौड़ी कोतवाली पुलिस ने युवक कांग्रेस नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया था. एसडीएम ने कहा था कि प्रमाण पत्र बनवाते समय बिष्ट ने काम में बाधा डाली और युवकों को भड़काया भी.
उन्होंने नितिन बिष्ट को समझाकर शांत करने की भी कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। हालांकि कांग्रेस नेता बिष्ट ने इन आरोपों का खंडन किया था. इसके बाद सोमवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेसियों ने डीएम कार्यालय का घेराव किया और नितिन बिष्ट के खिलाफ दर्ज मामले को वापस लेते हुए एसडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई.
गुरुवार को तहसील कर्मचारियों ने डीएम पौड़ी डीएम विजय कुमार जोगदंडे से मुलाकात कर कहा कि एसडीएम व तहसील प्रशासन 20 अगस्त को अग्निवीरों के चरित्र व अन्य प्रमाण पत्र बना रहे हैं. इसी बीच देर शाम कांग्रेस के युवा नेता अपने साथियों के साथ आ गए. जनाधार सेंटर में आकर वहां के कर्मचारियों को धमकाया और एसडीएम के साथ अभद्र व्यवहार किया।
डीएम ने कहा कि कांग्रेस नेता ने इस कृत्य को राजनीतिक रंग दिया है और एसडीएम को साजिश के तहत फंसाने का काम किया है. कहा कि कांग्रेस नेता की गिरफ्तारी नहीं होने से तहसील कर्मियों में भय का माहौल है. चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर नितिन बिष्ट व उनके साथियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो सभी तहसील कर्मचारी बहिष्कार करेंगे।

