श्रीनगर, PAHAAD NEWS TEAM
पौड़ी जिले के थलीसैंण प्रखंड में मोल्खाखाल-टीला मार्ग के खराब डामरीकरण कार्य पर PAHAAD NEWS की खबर का असर हुआ है. पौड़ी जिलाधिकारी ने जब इस खबर पर संज्ञान लिया तो अब पीएमजीएसवाई (प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना) के अधीक्षण अभियंता ने ठेकेदार को डामरीकरण हटाकर दोबारा करने का आदेश दिया है. साथ ही गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं मिलने पर जुर्माना लगाने की चेतावनी भी दी है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में थलीसैंण प्रखंड अंतर्गत मोल्खाखाल-टीला मार्ग में डामरीकरण का कार्य शुरू किया गया था. पहले इस डामरीकरण को शुरू होने में 10 साल लगे, जब काम शुरू हुआ तो मिट्टी के ऊपर डामरीकरण शुरू किया गया, जिससे एक ही दिन में पूरी सड़क का डामर उखड़ गया। डामरीकरण में गुणवत्ता पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
दरअसल, वर्षों बाद मोल्ठाखाल से टीला गांव तक डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिसमें गुणवत्ता को ताक पर रखते हुए घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा था. आलम यह है कि डामरीकरण हाथ से उखड़ रहा है। ऐसे में पौड़ी के जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने श्रीनगर संभाग पीएमजीएसवाई को निर्देश दिया था कि इस मामले में ठेकेदार के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए. साथ ही कार्यपालक अभियंता को भी मौके पर जाकर पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा.

