पौड़ी , PAHAAD NEWS TEAM

गढ़वाल के जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे  की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में सभी प्रखंड विकास अधिकारियों एवं विधायक निधि के संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को विधायक निधि में अधूरे कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिये. उन्होंने सभी बीडीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए. उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विकास अधिकारी को विधायक निधि के लंबित कार्यों की बैठक आगामी माह में कराने के निर्देश दिये.

जिलाधिकारी डॉ. जोगदण्डे ने सभी प्रखंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के ग्राम प्रधान, विद्यालय प्राचार्य, छावनी परिषद, जिला पंचायत एवं अन्य से संपर्क कर उनके द्वारा किये गये कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. इस दौरान प्रखंडवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि जिन क्षेत्रों में कार्य लम्बित हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा किया जाए. साथ ही उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की यूसी और एमबी की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर पेश की जाए. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी आंगनबाडी केंद्र बनाए जाने हैं, उनका काम जल्द से जल्द शुरू करना सुनिश्चित करें. साथ ही उन्होंने कहा कि गंभीरता से काम लें और इसे समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें. जिससे लोगों को समय पर इसका लाभ मिल सके। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जो कार्य पूरे हो चुके हैं उनकी रिपोर्ट फोटो सहित उपलब्ध कराई जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत कुमार आर्य, जिला विकास अधिकारी पुष्पेंद्र चौहान, एडीपीआरओ नितिन नौटियाल बीडीओ खिर्सू दिनेश पंत, दुगड्डा योगेन्द्र सिंह, कोट दिनेश बडोनी आदि उपस्थित थे.