श्रीनगर , PAHAAD NEWS TEAM
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने 28 फरवरी को कॉलेज परिसर में नारेबाजी करने वाले कांग्रेसियों के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दी है. प्राचार्य ने प्रदर्शनकारियों पर कॉलेज में शोर मचाने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने और काम में बाधा डालने का आरोप लगाया है.
यहां बता दें कि हाल ही में मेडिकल कॉलेज के चार आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सेवा से हटाया गया था। इसके विरोध में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने तीन लोगों का नाम लेने के साथ ही कोतवाली में 10-12 लोगों के खिलाफ शिकायत दी. उन्होंने कहा कि वह घटना वाले दिन परीक्षा संबंधी काम कर रहे थे। उक्त लोगों ने हंगामा कर इस कार्य में बाधा डाली।
प्रिंसिपल प्रोफेसर सीएम रावत ने यह भी आरोप लगाया कि उनके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। श्रीनगर के कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी. इसके लिए सीसीटीवी फुटेज भी देखी जाएगी। इस मामले की जांच श्रीकोट पुलिस चौकी प्रभारी एसआई मनोज रावत करेंगे।

