श्रीनगर, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में गर्मी के मौसम में पीने के पानी की समस्या और बढ़ जाती है. ऐसे में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपनी विधानसभा की जनता को तोहफा दिया है. जिससे अब श्रीनगर गढ़वाल की एक बड़ी समस्या का समाधान होने जा रहा है। यहां लोगों को अब 20,000 लीटर पानी मुफ्त मिलेगा। जिसका शासनादेश भी जल्द जारी कर दिया गया है।
उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले ही श्रीनगर की जनता को पानी के बिलों में भारी बढ़ोत्तरी के कारण 20 हजार लीटर पानी नि:शुल्क देने हेतु कैबिनेट में यह बिल पास हुआ था । हालांकि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता के चलते इसका जनादेश जारी नहीं हो सका।
ऐसे में पांचवीं विधानसभा के पहले सत्र के बाद श्रीनगर वासियों को 20 हजार लीटर मुफ्त पानी का तोहफा मिलने जा रहा है. कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस जनादेश से विभाग को अवगत करा दिया है। जिसके बाद अब क्षेत्रवासियों को पानी के बिल से बड़ी राहत मिलेगी. डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव से पहले किए गए हर वादे को समय से पहले पूरा किया जाएगा. इसके लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है।

