देहरादून ,पहाड़ न्यूज़ टीम
आईपीएल 2022 के सोमवार को एक बेहद रोमांचक मुकाबले में पंजाब किंग्स ने सीएसके को 11 रन से हरा दिया। पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन बनाए थे और सीएसके को जीत के लिए 188 रनों की जरूरत थी, लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 6 विकेट के नुकसान पर 176 रन ही बना सकी और 11 रन से मैच हार गई। इस जीत के साथ पंजाब किंग्स के अब आठ अंक हो गए हैं। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के अब तक केवल चार अंक हैं। अब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए प्लेऑफ में पहुंचने की राह और मुश्किल हो गई है.
आज भी सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जब टीम का कुल स्कोर केवल 10 रन था, तब रॉबिन उथप्पा आउट हो गए। उथप्पा ने केवल एक रन बनाया। इसके बाद तीसरे नंबर पर मिचेल सेंटनर बल्लेबाजी करने आए, उन्होंने कुछ स्ट्रोक अच्छे से लगाए, लेकिन ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए. सेंटनर कुल 30 रन के कुल योग पर नौ रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि दूसरे छोर पर रुतुराज गायकवाड़ अच्छा खेल रहे थे। शिवम दुबे आए और चले गए। उन्होंने सिर्फ आठ रन का योगदान दिया। लेकिन इसके बाद सीएसके को बड़ा झटका लगा जब रुतुराज गायकवाड़ को कगिसो रबाडा ने आउट कर दिया। रुतुराज गायकवाड़ ने 30 रन बनाए। हालांकि अंबाती रायडू अच्छी लय में नजर आए। अब कप्तान रवींद्र जडेजा उनका साथ देने के लिए आए। दोनों ने मिलकर टीम को आगे ले जाने का काम शुरू किया. इस दौरान अंबाती रायुडू ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने अपने ही अंदाज में बल्लेबाजी की। देखते ही देखते उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया और उसके बाद भी वह अपनी पारी को आगे बढ़ाते नजर आए। दूसरे छोर पर रवींद्र जडेजा उनका साथ दे रहे थे। रायुडू जब आउट हुए तब तक उन्होंने 39 गेंदों में 78 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने सात चौके और छह आसमानी छक्के लगाए। उन्होंने 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इसके बाद पूर्व कप्तान एमएस धोनी मौजूदा कप्तान का साथ देने आए। दोनों ने मिलकर टीम को जिताने की कोशिश की, लेकिन आखिरी ओवर में ऋषि धवन ने एमएस धोनी को आउट कर मैच को पंजाब की झोली में डाल दिया.
इससे पहले शिखर धवन के नाबाद 88 रनों की बदौलत पंजाब किंग्स ने 188 रनों का लक्ष्य रखा था. पंजाब ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। टीम के लिए शिखर धवन और भानुका राजापक्षे के बीच 110 रन की साझेदारी हुई. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी रही। टीम की ओपनिंग जोड़ी शिखर धवन और कप्तान मयंक अग्रवाल ने पारी की शुरुआत की. पहले पावर प्ले के आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर गेंदबाज महेश ने मयंक अग्रवाल के रूप में पंजाब को पहला झटका दिया. मयंक अग्रवाल 21 गेंदों में 18 रन बनाकर शिवम दुबे को कैच थमा बैठे । वहीं, पंजाब ने पावर प्ले में एक विकेट के नुकसान पर 37 रन बनाए। उसके बाद भानुका राजापक्षे क्रीज पर आए।
भानुका राजापक्षे और शिखर धवन ने दूसरे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की, जो टीम की सबसे बड़ी साझेदारी थी। इस दौरान धवन ने अपना 46वां अर्धशतक भी पूरा किया। दूसरी ओर पंजाब को दूसरा झटका 15वें ओवर में लगा जब ब्रावो गेंदबाजी करने आए। उन्होंने राजापक्षे को 42 रन पर वापस पवेलियन भेज दिया. इस दौरान बल्लेबाज ने 32 गेंदों में 2 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 42 रन बनाए. उनके बाद लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर आए। ब्रावो ने आखिरी ओवर में टीम को लियाम लिविंगस्टोन के रूप में तीसरा झटका दिया. बल्लेबाज ने सात गेंदों में दो छक्कों और एक चौके की मदद से 19 रन बनाए। उनके बाद जॉनी बेयरस्टो बल्लेबाजी करने आए, लेकिन पारी की आखिरी गेंद पर बल्लेबाज रन आउट हो गए. शिखर धवन की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए और सीएसके को जीत के लिए 188 रनों का लक्ष्य दिया. इस दौरान धवन ने 59 गेंदों में दो छक्कों और नौ चौकों की मदद से नाबाद 88 रन की पारी खेली.
RCB vs RR IPL 2022 : आज आरसीबी का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से
देहरादून ,पहाड़ न्यूज़ टीम
रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) आज आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ फॉर्म में चल रहे जोस बटलर के बल्ले को खामोश रखकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाने का लक्ष्य रखेगी। साथ ही लगातार दो मैचों में पहली गेंद पर पवेलियन लौटने के बाद सभी की निगाहें आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली पर होंगी. पिछले मैच में बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के बाद आरसीबी को उम्मीद होगी कि स्टार बल्लेबाज कोहली बड़ी पारी खेलेंगे और दूसरे बल्लेबाज भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे.
बेंगलुरू की टीम पिछले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नौ विकेट की करारी हार के बाद इस मैच में उतरेगी, जबकि राजस्थान की टीम ने अपने पिछले दोनों मैच जीते हैं और मौजूदा सत्र में शानदार फॉर्म में चल रही है। आरसीबी के पास कप्तान फाफ डुप्लेसिस, ग्लेन मैक्सवेल, दिनेश कार्तिक और शाहबाज अहमद जैसे बल्लेबाज भी हैं जो बड़े शॉट खेलने में सक्षम हैं और अगर ये सभी एक साथ प्रदर्शन करते हैं, तो राजस्थान के गेंदबाजों के लिए राह आसान नहीं होने वाली है। डुप्लेसिस, जो मौजूदा सत्र में अब तक बेंगलुरु के प्रमुख रन-स्कोरर हैं, की फॉर्म में उतार-चढ़ाव रहा है, लेकिन वह टीम के बल्लेबाजी क्रम के प्रमुख सदस्य हैं। कार्तिक भी बड़े शॉट खेलने की अपनी काबिलियत के चलते फिनिशर की भूमिका बखूबी निभा रहे हैं।

राजस्थान के पास एक विविध गेंदबाजी आक्रमण है जिसका नेतृत्व ट्रेंट बोल्ट कर रहे हैं। ट्रेंट बोल्ट पहले भी कोहली को अंदर आने वाली गेंदों से परेशान करते रहे हैं। प्रसिद्ध कृष्णा के अलावा रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल की स्पिन जोड़ी भी आरसीबी के बल्लेबाजों को परेशान कर सकती है। चहल ने टूर्नामेंट में अब तक 18 विकेट लिए हैं और अकेले दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। अश्विन अपने दिन किसी भी बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त करने में भी सक्षम हैं। इसके अलावा ओबेड मैकाय भी हैं, जो राजस्थान के गेंदबाजी आक्रमण को काफी संतुलित बनाते हैं।
सलामी बल्लेबाज जोस बटलर राजस्थान के लिए शानदार फॉर्म में हैं और मौजूदा सत्र में पहले ही तीन शतक लगा चुके हैं। सलामी बल्लेबाज देवदत्त पडीक्कल और कप्तान संजू सैमसन भी बल्ले से योगदान दे रहे हैं, जबकि शिमरोन हेटमायर ने भी कुछ आकर्षक पारियां खेली हैं। राजस्थान की टीम को उम्मीद होगी कि उनका बल्लेबाजी क्रम एक बार फिर उम्मीदों पर खरा उतरेगा। राजस्थान की बल्लेबाजी का कमजोर पक्ष करुण नायर और रियान पराग हैं और इस जोड़ी को बेहतर प्रदर्शन करना होगा। आरसीबी के पास हर्षल पटेल के रूप में डेथ ओवरों में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं, लेकिन तेज गेंदबाज को मुहम्मद सिराज और जोश हेजलवुड के समर्थन की जरूरत है। श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा के चार ओवर भी आरसीबी के लिए अहम होंगे क्योंकि उनमें भी मैच का रुख बदलने की क्षमता है।

