पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM
नेपाल सीमा से सटे धारचूला में काली नदी के किनारे प्रस्तावित तटबंध निर्माण कार्यों का सोमवार को जिलाधिकारी ने स्थल निरीक्षण किया. इसके साथ ही टूरिस्ट हाउसिंग हाउस धारचूला में कार्यकारिणी संगठन से जुड़े अधिकारियों की बैठक भी हुई. जिसमें आपदा को देखते हुए धारचूला की सुरक्षा के लिए काली नदी के किनारे तटबंध निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए.
जिलाधिकारी आशीष चौहान ने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि तटबंध के डिजाइन, गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए और इसमें कोई लापरवाही न बरती जाए. साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में यदि कोई खामी पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने निर्माण स्थलों पर सीसीटीवी लगाने और निर्माण कार्य की प्रगति की नियमित रिपोर्ट आपदा प्रबंधन कार्यालय को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं.
उन्होंने कहा कि वीसी के माध्यम से हर सप्ताह इसकी समीक्षा की जाएगी. साथ ही निर्माण कार्यों के लिए जेसीबी मशीन व खनन कार्य की अनुमति लेकर शीघ्र कार्य प्रारंभ करें. बैठक के बाद जिलाधिकारी ने धारचूला में काली नदी के तट पर प्रस्तावित तटबंध निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण भी किया. इस दौरान उप जिलाधिकारी धारचूला, सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं निर्माण एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे.

