देहरादून : उत्तराखंड में पिटकुल से संबंधित परियोजनाओं को लेकर पिटकुल प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी की ओर से परियोजनाओं से जुड़े अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिये. उसके बाद भी वे ठेके के अनुसार कार्य नहीं कर रहे हैं, उन्हें स्पष्ट निर्देश दिये गये कि समय पर कार्य पूर्ण नहीं होने पर पिटकुल प्रबंधन द्वारा उचित कार्रवाई की जायेगी.

प्रबंध निदेशक पिटकुल ने निर्माणाधीन परियोजनाओं पर इरकॉन, आरवीएनएल और अन्य कार्यकारी एजेंसियों के संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई. साथ ही पिटकुल की तकनीकी टीम को तीन दिसंबर यानी आज कुमाऊं क्षेत्र का भ्रमण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रबंध निदेशक को देने का निर्देश दिया. ताकि तमाम संभावनाओं को देखते हुए रेलवे के कार्यों में तेजी लाई जा सके और प्रोजेक्ट को समय पर पूरा किया जा सके।

परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए तथा आरओडब्ल्यू संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या होने पर त्वरित निस्तारण के लिए पिटकुल आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा। कार्यदायी संस्थाओं द्वारा निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय से पूर्ण करने के संबंध में शेष कार्ययोजना की रूपरेखा शीघ्र भिजवाई जायेगी। दूसरी ओर पिटकुल द्वारा सतत अनुश्रवण एवं समीक्षा की जायेगी। कार्यों के पुनर्निर्धारण के बाद भी अनुबंध के अनुसार कार्य नहीं कर रही कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिये गये कि समय पर कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में पिटकुल प्रबंधन द्वारा उचित कार्रवाई की जायेगी.