जहरीली शराब कांड : उत्तराखंड की धार्मिक नगरी हरिद्वार में जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त कार्रवाई की है. यह घटना हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के फूलगढ़ शिवगढ़ गांव की है. यहां जहरीली शराब ने 4 लोगों की जान ले ली. इस घटना के बाद धामी सरकार की कार्रवाई शुरू हो गई.

सबसे पहले हरिद्वार के पथरी एसएचओ समेत चार पुलिसकर्मियों को लापरवाही के आरोप में शनिवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. उसके बाद शाम होते-होते आबकारी विभाग में गाज गिर गई। उत्तराखंड के आबकारी आयुक्त हरिचंद सेमवाल ने हरिद्वार अंचल में तैनात दो आबकारी निरीक्षकों समेत 9 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है.

सीएम धामी ने जहरीली शराब से हुई मौत के मामले में जांच के लिए डीजीपी अशोक कुमार को एसआईटी गठित करने का निर्देश दिया है. बता दें कि इन दिनों हरिद्वार में पंचायत चुनाव चल रहे हैं। जिसमें प्रत्याशियों द्वारा शराब परोसी जा रही है। शुक्रवार की रात लक्सर के पथरी थाना क्षेत्र के फूलगढ़ गांव में जहरीली शराब पीने से चार लोगों की एक साथ मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. गांव में एक साथ चार मौत के बाद लोगों में आक्रोश है।