विकासनगर : मंगलवार को स्थानीय लोगों ने लखवाड़ स्थित महासू मंदिर में सितंबर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय जागड़े उत्सव की तैयारियों पर चर्चा की। मंदिर के सभागार में आयोजित बैठक में जागड़ा महोत्सव के प्रभावी संचालन के लिए ग्रामीणों को जिम्मेदारी सौंपी गयी.
महासू देवता मंदिर समिति खत लखवाड़ के अध्यक्ष गंभीर सिंह चौहान ने कहा कि जागड़ा उत्सव 16 सितंबर को लखवाड़ महासू देवता मंदिर में शुरू होगा और 18 सितंबर तक चलेगा। प्रमुख जागड़ा कार्यक्रम 18 सितंबर को होगा। इस दिन देवता के चिन्ह, पालकी श्रद्धालुओं के दर्शन को मंदिर से बाहर आएगी। बताया कि देव दर्शनों के लिए जागड़ा पर्व हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
कहा कि महोत्सव के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, सुगम आवागमन को मोटर मार्गों, क्षतिग्रस्त पैदल रास्तों का सुधारीकरण के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव दिया जाएगा। साथ ही मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारा के आयोजन पर भी चर्चा की गयी. उम्मीद है कहा कि ईष्ट आराध्य देव की पूजा अर्चना के लिए रवाई, जौनपुर, जौनसार, पछुवादून बिन्हार, हिमाचल क्षेत्रों से श्रद्धालु दर्शन के लिए आएंगे, जिनके लिए सभी व्यवस्थाओं को दुरस्त करना ग्रामीणों का दायित्व है ।
उपस्थित लोगों में महासू देवता के बजीर विक्रम सिंह चौहान, दिग्विजय सिंह चौहान, सचिव अमीर चौहान, कोषाध्यक्ष अजीत चौहान, शंकरदत्त उनियाल, शिवानंद उनियाल, मेहर सिंह, इंद्रजीत सिंह आदि शामिल थे।

