अमृतसर , PAHAAD NEWS TEAM

पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के लिए आम आदमी पार्टी ने सीएम चेहरे का ऐलान कर दिया है. आम आदमी पार्टी ने पंजाब में पार्टी के मुख्यमंत्री पद के लिए भगवंत मान के नाम पर मुहर लगा दी है। पंजाब में आम आदमी का चेहरा अब भगवंत मान होंगे । पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद भगवंत मान मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि 21 लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी राय रखी, जिसमें 93 फीसदी लोगों ने भगवंत मान के पक्ष में वोट किया.

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान पंजाब में सबसे बड़ा चेहरा हैं, जिन्होंने संगरूर से दो बार लोकसभा चुनाव जीता है। पार्टी कार्यकर्ताओं सहित नेतृत्व में अच्छी पैठ है। अपने स्टाइल के लिए वह मालवा क्षेत्र समेत पूरे पंजाब में काफी लोकप्रिय हैं। जाट सिख समुदाय से आते हैं जिनकी पंजाब में मजबूत उपस्थिति है। युवा नेता भगवंत मान की स्पष्ट छवि और भाषण की शैली ही उनकी ताकत है। हालांकि, आलोचक उन्हें अनुभवहीन बताते हैं और उन पर शराब की लत का भी आरोप है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने अन्य पार्टियों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अन्य पार्टियां अपने बेटे, बहू या घर के आदमी को सीएम फेस बनाती थीं, लेकिन आप ने ऐसा नहीं किया. केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान मेरे छोटे भाई हैं। अगर में सीधे उनका नाम लेता तो भाई-भतीजावाद के आरोप लगते , लोग कहते कि केजरीवाल ने अपने भाई को उम्मीदवार बनाया। इसलिए यह फैसला पब्लिक वोटिंग से लिया गया।

केजरीवाल ने बताया कि 21 लाख से ज्यादा लोगों ने पब्लिक वोटिंग में वोट किया. इसमें 93.3 फीसदी वोट भगवंत मान के पक्ष में रहे. वहीं दूसरे नंबर पर नवजोत सिंह सिद्धू का नाम था. बता दें कि सिद्धू कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं। केजरीवाल के मुताबिक आप के सर्वे में सिद्धू को भी 3.6 फीसदी वोट मिले। केजरीवाल ने कहा कि कई लोगों ने मुझे सीएम बनाने के लिए वोट किया, लेकिन मैं पहले ही कह चुका था कि मैं पंजाब में सीएम उम्मीदवार नहीं बनूंगा।

इससे पहले आम आदमी पार्टी ने 17 जनवरी की शाम 5 बजे तक मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में लोगों से राय मांगी थी. आप का दावा है कि पंजाब में आप को सीएम उम्मीदवार बनाने के लिए 21 लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी राय भेजी है. दावे के मुताबिक 17 जनवरी तक 21.59 लाख लोगों ने सीएम उम्मीदवार के चेहरे पर व्हाट्सएप, कॉल और मैसेज पर सुझाव दिए हैं.