चंडीगढ़ , PAHAAD NEWS TEAM

पंजाब में भारतीय जनता पार्टी 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को सीटों का बंटवारा किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में जो एनडीए गठबंधन हुआ है, उसमें भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस और संयुक्त अकाली दल-ढिंसा शामिल हैं। नड्डा ने कहा, ”हम सब मिलकर पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं. बीजेपी 65 सीटों पर, पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर और संयुक्त अकाली दल-ढींसा 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.”

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “पंजाब हमारे लिए एक सीमावर्ती राज्य है और साथ ही यह देश की सुरक्षा से जुड़ा राज्य है। देश की सुरक्षा के लिए पंजाब को मजबूत रहना चाहिए और वहां एक मजबूत सरकार बनना देश और प्रदेश दोनों के लिए आवश्यक है।

कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी

पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सीटों का बंटवारा करते हुए नड्डा ने कहा, ‘पंजाब सीमा पर एक राज्य है, देश की सुरक्षा के लिए पंजाब में एक स्थिर और मजबूत सरकार का होना जरूरी है. हम जानते हैं कि पाकिस्तान की हरकतें हमारे देश के लिए कैसी रही हैं. लेकिन देखा है कि ड्रग्स और हथियारों की तस्करी के प्रयास होते हैं।

सत्ता परिवर्तन का जरिया नहीं है यह चुनाव : नड्डा

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बहुत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। देश विरोधी ताकतें इसे पटरी से उतारने की कोशिश करती हैं। राष्ट्रविरोधी ताकतें हमेशा पंजाब की गतिविधियों के जरिए ऐसा करने पर आमादा हैं। उन्होंने कहा, “यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का साधन नहीं है, सरकार बदलना इस चुनाव का उद्देश्य नहीं है। यह चुनाव आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित करने और पंजाब को स्थिरता देने के लिए है। पंजाब सुरक्षित रहेगा तो देश सुरक्षित रहेगा।