ऋषिकेश : आगामी 12 दिसंबर सोमवार से उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड और रेडक्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में ऋषिकेश और टनकपुर में रिवर राफ्ट गाइडों का चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जायेगा. प्राथमिक चिकित्सा एवं कार्डियो पल्मोनरी का प्रशिक्षण चार दिवसीय इस शिविर में पुनर्जीवन (सीपीआर) दिया जाएगा।
इन नि:शुल्क प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से यू0टी0डी0बी0 के पंजीकृत गाइडों को पर्यटकों की सुरक्षा की दृष्टि से प्राथमिक चिकित्सा एवं सी0पी0आर0 प्रशिक्षण के सभी गुर सिखाये जायेंगे, ताकि राज्य को रिवर राफ्टिंग के लिये एक सुरक्षित एवं लोकप्रिय केन्द्र के रूप में स्थापित किया जा सके। यह चार दिवसीय कार्यक्रम कई बैचों में आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक बैच में 25 प्रतिभागी होंगे। इस प्रकार इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य इन क्षेत्रों में काम करने वाले कुल 650 गाइडों को और अधिक पेशेवर और कुशल बनाना है।
वहीं, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड में एडवेंचर टूरिज्म को एक नए स्तर पर ले जाने के लिए हम हमेशा कोशिश कर रहे हैं। पर्यटकों की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। प्रसिद्ध रेडक्रॉस सोसाइटी जैसे मानवीय संगठन के सहयोग से इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन रिवर राफ्टिंग के प्रति उत्साही पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की इस कड़ी में एक नया अध्याय है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से इन गाइडों को पर्यटकों की सुरक्षा के लिए प्राथमिक चिकित्सा और सीपीआर की सभी तकनीकों और नियमों से अवगत कराया जाएगा। इस पहल से राज्य में रिवर राफ्टिंग के प्रति देश-विदेश के पर्यटकों की रुचि बढ़ेगी, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

