ऋषिकेश : भारी बारिश के चलते शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मुनिकीरेती-ढालवाला, तपोवन में प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया. उन्होंने मौके पर मौजूद आला अधिकारियों को यहां लंबे समय तक बेहतर ड्रेनेज सिस्टम व्यवस्था के लिए योजना तैयार करने के निर्देश दिए.

गौरतलब है कि बीते दिन हुई भारी बारिश के कारण तपोवन क्षेत्र के मुनिकीरेती-ढालवाला में पानी भर गया था. आलम यह रहा कि यहां की सड़कें पानी और मलबे से लबालब हो गईं। निकासी नहीं होने से कई घरों में पानी घुस गया है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी लोगों को भी यहां काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
शनिवार को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने पहुंचे. उन्होंने शीर्ष अधिकारियों को मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र में जल निकासी की बेहतर व्यवस्था के लिए शीघ्र योजना तैयार करने को कहा. कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इससे बरसात के दिनों में यहां जमा होने वाली पानी की समस्या से निजात मिल जाएगी, योजना तैयार होने के बाद जल्द ही इस योजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा.
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने एसडीआरएफ की टीम को आपदा से बचाव व सुरक्षा के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर देवेंद्र सिंह नेगी, नगर पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, डीएफओ अमित कंवर, लोनिवि अधिशासी अभियंता मो. आरिफ खान, जेई रूपेश भट्ट, राजेंद्र थलवाल आदि उपस्थित थे।

