ऋषिकेश : ग्रामीण इलाकों में गुलदार की दस्तक से इन दिनों ग्रामीण दहशत में हैं. पिछले दिन गुलदार ने ग्राम सभा भट्टोवाला में रहने वाले विजय सिंह राणा के घर के बाड़े से मवेशियों का अपना निवाला बनाया। जिसके बाद लोगों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान दीपा राणा को दी। मौके पर पहुंची ग्राम प्रधान दीपा राणा और हरपाल राणा ने मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी है. ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग जंगली जानवरों के आबादी क्षेत्र में आने को लेकर गंभीर नहीं दिखता है. उन्होंने तत्काल विभाग से जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की.
पिछले कई वर्षों से जंगली जानवरों ने लगातार आबादी क्षेत्र में प्रवेश किया है और गायों, बकरियों और पालतू कुत्तों को अपना शिकार बनाया है। इसके बावजूद वन विभाग कोई ठोस कार्रवाई करने से बचता रहता है। जिससे आबादी क्षेत्र में गुलदार का आतंक लगातार बना हुआ है. ग्राम प्रधान दीपा राणा ने बताया कि सोमवार की घटना की तरह पूर्व में भी कई बार गुलदार द्वारा गायों, बकरियों और पालतू कुत्तों को अपना शिकार बनाने के मामले सामने आ चुके हैं. इसके बावजूद वन विभाग द्वारा सोलर फेंसिंग लाइन की मरम्मत नहीं की जा रही है।
इससे क्षेत्र में जंगली जानवरों का तांता लगा रहता है। वहीं ग्राम भट्टोवाला निवासी समाजसेवी हरपाल सिंह राणा ने बताया कि वन विभाग द्वारा हर साल सोलर फेंसिंग लाइन लगाई जाती है. लेकिन गुणवत्ता के अभाव और रख-रखाव के अभाव में सरकारी बजट बर्बाद हो रहा है. उन्होंने बताया कि अगर वन विभाग ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं की तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

