रुड़की : सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में दो सेवानिवृत्त जवानों ने कुछ लोगों पर हमला कर डीजल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है. मामले में आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने पर कॉलोनीवासियों ने कोतवाली पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने इंस्पेक्टर को घेर लिया और हंगामा किया. पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। कॉलोनी के निवासियों का आरोप है कि पुलिस ने चार हमलावरों को हिरासत में लिया और फिर उन्हें छोड़ दिया.

दरअसल, रुड़की के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के नगला इमरती स्थित गंगा एंक्लेव निवासी दारा सिंह और उसका साथी धनबर सिंह रौथाण मंगलवार को अपनी कार से नंदा कॉलोनी जा रहे थे. दोनों सेवानिवृत्त सैनिक हैं। दोनों नगला इमरती गांव के पास स्थित फ्लाईओवर के पास कार पार्क कर नंदा कॉलोनी जा रहे थे. इस दौरान बाइक सवार दो युवकों ने कार को टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर दोनों पर हमला कर दिया। कार में भी तोड़फोड़ की।

आरोप है कि डीजल डालकर जिंदा जलाने का भी प्रयास किया गया, लेकिन आसपास के लोगों के आने पर आरोपी वहां से फरार हो गए. इस मामले में पुलिस में शिकायत भी दी गई थी। वहीं बुधवार को बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने गिरफ्तार चार हमलावरों को रिहा कर दिया है। इसको लेकर लोगों में खासा आक्रोश था। लोगों ने कोतवाली का घेराव किया, नारेबाजी की और हंगामा किया। मामला आगे बढ़ता देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। जिसके बाद पुलिस ने जल्द ही हमलावरों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया।