रुड़की : मैंगलोर कस्बे के मलानपुरा मोहल्ले में दो पक्षों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया. पहले तो दोनों पक्षों में कहा-सुनी हुई, देखते ही देखते कहा-सुनी मारपीट में बदल गई । इस दौरान अमरूद के विवाद में दोनों पक्षों में लाठियां चलीं। इस घटना में छह लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए मैंगलोर के सामुदायिक केंद्रों में लाया गया है।

जानकारी के अनुसार मैंगलोर कस्बे के मलानपुरा मोहल्ले में दो बच्चों ने एक घर में खड़े अमरूद के पेड़ से अमरूद तोड़ लिया. इससे नाराज होकर पेड़ के मालिक ने उन बच्चों को डांट लगाई। बच्चों ने यह बात अपने घर जाकर बताई तो उनके परिजन इस मामले को लेकर पेड़ के मालिक के पास पहुंचे. इसी दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। अभद्र भाषा से शुरू हुआ मामला मारपीट तक पहुंचा। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठियां व डंडे बरसने लगे ।

लाठी-डंडों के प्रयोग से एक तरफ से अजरुदीन, मेहताब, साबुद्दीन और एक किशोरी आरजू घायल हो गईं, जबकि दूसरी तरफ से फरमान और जमीला घायल हो गए. घायलों में अजरुद्दीन और मेहताब की हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों पक्षों ने मैंगलोर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपना इलाज कराया है. मामले में चौकी प्रभारी मनोज गैरोला ने कहा कि तहरीर अभी किसी तरफ से नहीं आई है. शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी