रुड़की : रविवार की देर रात बीएसएम कॉलेज के समीप एक निजी बस में जबरदस्ती सवार होने का प्रयास कर रहे युवकों ने विरोध करने पर दमकल कर्मी पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया. इतना ही नहीं आरोपियों ने बस पर पथराव भी किया। जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया।

बस में सवार यात्रियों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है। लक्सर निवासी सोनू कुमार पौड़ी में फायर ब्रिगेड का कर्मचारी है। रविवार को सोनू कुमार अन्य रिश्तेदारों के साथ आजाद नगर में रहने वाली ममेरी बहन की सगाई के लिए दिल्ली गए थे।

रात में सभी निजी बस से लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे जैसे ही बस बीएसएम चौक पहुंची तो सड़क पर खड़े चार युवकों ने बस को रोकने का प्रयास किया। जब चालक ने बस नहीं रोकी तो उन्होंने पथराव कर दिया। जिससे बस के शीशे टूट गए। यह देख चालक ने बस रोक दी।

बस के रुकते ही सभी युवक जबरन उसमें सवार होने लगे। इनमें से एक युवक ने बताया कि उसका भाई सड़क हादसे में घायल हो गया है। इसे देखने के लिए देहरादून जाना पडेंगा । फायर फाइटर सोनू कुमार ने उसे बस से नीचे उतारने की कोशिश की। इस पर युवक भड़क गया। उसने सोनू कुमार पर चाकू से हमला कर दिया।

चाकू लगने से सोनू घायल हो गया। जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। बस वालों ने एक आरोपी को पकड़ लिया। जबकि अन्य भागने लगे। पीछा करने पर युवकों ने फिर पथराव शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों में से एक को हिरासत में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपी रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरी मोहल्ले का रहने वाला है. उसने पुलिस को अपने साथियों के नाम भी बताए हैं। वहीं बस चालक का कहना है कि ये लोग लूट के इरादे से बस में सवार हुए थे. पुलिस फरार युवकों की तलाश कर रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ईश्वरपाल ने बताया कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामला दर्ज करेगी।