संघ अध्यक्ष मोहन भागवत ने रविवार को एक सभा को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए संघ प्रमुख ने कहा कि वैश्विक स्तर पर हम धर्म के लिए आगे बढ़ रहे हैं. दूसरे देश बड़े होकर दूसरो पर ही लाठियां चलाते हैं। पहले रूस चलाता था, फिर अमेरिका का दबदबा बढ़ा, फिर अमेरिका डंडा चलाने लगा। अब जबकि चीन आ गया है तो ऐसा लग रहा है कि वह अमेरिका से आगे निकल जाएगा।
भारत यूक्रेन का सहयोगी है
मोहन भागवत ने कहा कि अमेरिका और रूस यूक्रेन को मोहरा बनाकर लड़ रहे हैं. दोनों भारत को कह रहे हैं कि हमारे पक्ष में आओ, हमारा पक्ष लो। लेकिन भारत रूस-अमेरिका से कहता है कि तुम भी हमारे मित्र हो और तुम भी हमारे मित्र हो और यह तीसरा जो तुम दोनों के बीच फंसा हुआ है वह भी हमारा मित्र है। तो सबसे पहले मैं उसकी मदद करूंगा। भारत कहता हैं कि मैं आपका कोई पक्ष नहीं ले रहा हूं। यह लड़ने का समय नहीं है, लड़ना बंद करो।
श्रीलंका की मदद सिर्फ भारत ने की
आरएसएस प्रमुख ने कहा कि आज भारत धर्म के लिए आगे बढ़ रहा है. पहले श्रीलंका और चीन दोस्त थे, पाकिस्तान से दोस्ती की, लेकिन हमें थोड़ा दूर रखा. अब जब श्रीलंका पर संकट आया तो किसने मदद की, कौन आगे आया, सिर्फ एक देश भारत।
भागवत ने आगे कहा कि भारत लाभ ले रहा है, क्यों नहीं लेगा? लेकिन जब कोई और हमारा लाभ चाहता है, हमारे कमाए हुए से कोई और भूखा जीवित रह सकता है, तो भारत एक देने वाला देश है।

