ब्रुसेल्स, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के महासचिव जेन्स स्टॉल्टेनबर्ग का कहना है कि सैन्य संगठन यूक्रेन में “उड़ान प्रतिबंधित क्षेत्र” लागू नहीं करेगा क्योंकि इस तरह के कदम से परमाणु-सशस्त्र रूस के साथ यूरोप का व्यापक युद्ध छिड़ जाएगा। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटोनी ब्लिंकन और अन्य नाटो सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद, स्टॉल्टेनबर्ग ने यूक्रेन के दर्द को स्वीकार करते हुए कहा कि रूसी सेना ने यूक्रेन में हमले तेज कर दिए हैं और शहरों और अन्य साइटों पर हमला कर रहे हैं। भारी बमबारी हो रही है, जिसके कारण दस लाख से अधिक लोग देश छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।
उन्होंने कहा यूक्रेन में जो हो रहा है वह भयावह और दर्दनाक है । हम मानव पीड़ा और तबाही को उस स्तर पर देख रहे हैं जो हमने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद से यूरोप में नहीं देखा है। इसी के साथ स्टोलटेनबर्ग ने कहा कि, ‘हम न तो यूक्रेन के लैंड एरिया में जा रहे हैं और न ही यूक्रेन के एयरस्पेस में। नाटो की सुरक्षा गारंटी 30 सदस्य देशों के लिए है और संधि के अनुच्छेद 5 में कहा गया है कि अगर किसी एक सदस्य देश पर हमला होता है, तो सभी सदस्य उसकी रक्षा के लिए आगे आएंगे। रूस अगर नाटो के किसी युद्धपोत को मार गिराता है तो यह स्थिति आ सकती है।
नाटो महासचिव ने कहा कि यूक्रेन के लिए उड़ान-प्रतिबंधित क्षेत्र को लागू करने का एकमात्र तरीका नाटो के लिए अपने लड़ाकों को यूक्रेनी हवाई क्षेत्र में भेजना और उड़ान-प्रतिबंधित क्षेत्र को लागू करने के लिए रूसी विमानों को मार गिराना है। उन्होंने कहा, “सहयोगियों का मानना है कि अगर हम अपने लड़ाकू विमानों को यूक्रेन के हवाई क्षेत्र में भेजते हैं, तो इससे यूरोप में बड़े पैमाने पर युद्ध होगा।” आपको बता दें कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से अपील की थी कि वे अपने देश में प्रतिबंधित फ़्लाइट ज़ोन लागू करें। उनकी अपील यूक्रेन के परमाणु संयंत्र में रात में आग लगने के बाद की गई है।
आपको बता दें कि यह न्यूक्लियर प्लांट यूरोप का सबसे बड़ा प्लांट है। स्टॉल्टेनबर्ग ने कहा, “हम इस संघर्ष का हिस्सा नहीं हैं और यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है कि यह युद्ध न बढ़े और न ही यूक्रेन से आगे बढ़े।” अगर ऐसा होता है तो यह और भी विनाशकारी और खतरनाक होगा।

