नई दिल्ली, PAHAAD NEWS TEAM

रूस-यूक्रेन युद्ध के 10वें दिन एक बड़ी खबर सामने आई है. रूस ने आज यूक्रेन में अस्थायी युद्धविराम की घोषणा की है। भारतीय समयानुसार सुबह 11.30 बजे संघर्ष विराम होगा। कहा गया है कि जब तक यहां फंसे लोगों को बाहर नहीं निकाला जाएगा तब तक हमले नहीं होंगे.

जानकारी के अनुसार, मारियुपोल और वोल्नोवाखा क्षेत्रों से नागरिकों को निकालने के लिए अस्थायी संघर्ष विराम की घोषणा की गई है। सुमी और खार्कोव में फंसे छात्रों को करना होगा इंतजार

आपको बता दें कि यूक्रेन में पिछले 10 दिनों से जंग जारी है. रूस लगातार यूक्रेन पर हमले कर रहा है। इसी बीच खबर आई है कि रूस ने अब सीजफायर की बात कही है। बता दें कि दोनों देशों के बीच 2 दौर की बातचीत हो चुकी है। जबकि तीसरे दौर की बात आज या कल हो सकती है। 24 फरवरी से जारी दोनों देशों के बीच युद्ध की खबरों के बीच 5 मार्च यानी शनिवार को राहत की खबर आई है. आपको बता दें कि यूक्रेन में फंसे लोगों को निकालने के लिए सीजफायर का फैसला लिया गया है.

गौरतलब है कि शनिवार को युद्धविराम की घोषणा से पहले रूसी सेना ने कीव के पास बुका में आम जनता पर गोलियां चलाई थीं. यूक्रेन की मीडिया ने दावा किया है कि बुका में रूसी सैनिकों ने भी एक कार पर फायरिंग की है. हादसे में 17 साल की बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 4 लोग घायल हो गए।

परमाणु केंद्रों पर हमलों के खिलाफ भारत ने किया सावधान

वहीं, यूक्रेन में जोपोरिज्जिया परमाणु संयंत्र पर रूस के हमले के बाद भारत ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि परमाणु स्टेशनों से संबंधित किसी भी दुर्घटना के सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरण पर गंभीर परिणाम हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को यूक्रेन में पैदा हो रहे मानवीय संकट को ”समझ” लेना चाहिए. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने कहा, भारत परमाणु संयंत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को सबसे अधिक महत्व देता है क्योंकि परमाणु स्टेशनों से जुड़ी किसी भी दुर्घटना का सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

15 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने आपात बैठक की। तिरुमूर्ति ने कहा कि भारत यूक्रेन में परमाणु ऊर्जा संयंत्रों और स्टेशनों की सुरक्षा से संबंधित घटनाक्रम की बारीकी से निगरानी कर रहा है और कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की सुरक्षा और निगरानी गतिविधियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। साथ ही उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को यूक्रेन में हमारे सामने आ रहे मानवीय संकट को समझना चाहिए, जहां कई हजार भारतीय नागरिकों, विशेषकर छात्रों सहित निर्दोष नागरिकों की सुरक्षा दांव पर है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि रूस और यूक्रेन के बीच दूसरे दौर की वार्ता तुरंत एक सुरक्षित मानवीय गलियारा स्थापित करेगी। तिरुमूर्ति ने कहा कि यह “खेदजनक” है कि पिछले सप्ताह इस मामले पर सुरक्षा परिषद की बैठक के बाद से यूक्रेन में स्थिति खराब हो गई है। उन्होंने हिंसा को “तुरंत समाप्त” करने की आवश्यकता दोहराई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दोहराया है कि मतभेदों को लगातार बातचीत और कूटनीति से सुलझाया जाना चाहिए.