देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड के लिए एक दुखद खबर संस्कृति जगत से आ रही है। राज्य के प्रसिद्ध संगीतकार संजय राणा अब हमारे बीच नहीं हैं। कल देर रात दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। संगीतकार संजय राणा के निधन से उत्तराखंडी संगीत जगत में शोक की लहर है। उत्तराखंडी संगीत और सिनेमा जगत की कई हस्तियों ने उनकी मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। सीएम तीरथ सिंह रावत ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं । अपने ट्वीट में, सीएम ने लिखा कि उत्तराखंडी संगीत के प्रसिद्ध संगीतकार श्री संजय राणा जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ।। बाबा केदार और भगवान बद्री विशाल उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। मैं उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता हूं और विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ‘

संजय राणा एक प्रसिद्ध संगीतकार थे और एक गायक भी थे। उन्होंने सैकड़ों लोकगीतों को अपने संगीत से सजाया था । उन्होंने संगीत में कई गढ़वाली, कुमाऊँनी और जौनसारी लोकगीतों की रचना की है। जानकारी के मुताबिक, संगीतकार संजय राणा को कल रात करीब दो बजे अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसकी वजह से उनका निधन हो गया। संजय राणा के निधन से उत्तराखंड के संगीत जगत में शोक की लहर है। उन्होंने अपने संगीत से कई बेहतरीन हिट गाने उत्तराखंड को दिए हैं, जिसके लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। लोक कला और संस्कृति के संरक्षण में संजय का विशेष योगदान रहा है। वह संगीत के साथ-साथ गायन और अभिनय के क्षेत्र में भी सक्रिय थे।