देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
.
हिंदी सिनेमा और संगीत के मशहूर गायक शान का जन्म 30 सितंबर 1972 को मध्य प्रदेश के खंडवा में हुआ था। शान एक बंगाली परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनका पूरा नाम शांतनु मुखर्जी है। वह हिंदी संगीत के प्रतिभाशाली गायकों में से एक हैं। अपने पूरे करियर के दौरान, शान ने हिंदी, बंगाली, मराठी, उर्दू, तेलुगु, कन्नड़, नेपाली, उड़िया, पंजाबी और मलयालम सहित कई भाषाओं में गाने गाकर संगीत प्रेमियों का दिल जीता है।

शान के दादा एक प्रसिद्ध गीतकार जहर मुखर्जी थे। जबकि उनके पिता स्वर्गीय मानस मुखर्जी एक संगीत निर्देशक थे और उनकी बहन सागरिका भी एक गायिका हैं। घर में शुरू से ही संगीतमय माहौल के कारण शान का झुकाव बचपन से ही संगीत की ओर था। उन्होंने महज 4 साल की उम्र में गाना शुरू कर दिया था। शुरुआत में शान विज्ञापनों के लिए जिंगल गाते थे। उन्होंने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत 17 साल की उम्र में की थी।

शान और उनकी बहन सागरिका ने पहली बार किसी म्यूजिक कंपनी के लिए गाने गाए। इसमें कुछ रीमिक्स गाने भी शामिल हैं। बहन के साथ शान का एल्बम हिट साबित हुआ, लेकिन वह अपने एल्बम लव-ऑलॉजी से सुर्खियों में आए। शान को असली पहचान उनके लिखे गाने ‘भूल जा’ और ‘तन्हा दिल’ से मिली। उनके दोनों गाने 1999 में रिलीज हुए थे। इसके बाद शान ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

शान ने आशोका, कल हो न हो, फना, जव वी मेट , तारे जमीन पर, 3 इडियट्स, ओम शांति ओम, हे बेबी, हमको दीवाना कर गए, तेरे नाम और टोटल धमाल सहित कई फिल्मों के लिए गाने गाए है। इन सभी फिल्मों में शान ने हमेशा ही अपनी खूबसूरत आवाज से दर्शकों का दिल जीता है। शान ने अपने करियर में ‘सा रे गा मा पा’, ‘सा रे गा मा पा लिटिल चैम्प’, ‘स्टार वॉइस ऑफ इंडिया’ और ‘स्टार वॉइस ऑफ इंडिया 2’ जैसे शो भी होस्ट किए हैं।

शान जब सिर्फ 13 साल के थे, तभी उनके पिता का देहांत हो गया था। इसके बाद शान की मां ने परिवार को संभाला। शान की बड़ी बहन भी सिंगर हैं। शान के निजी जीवन की बात करें तो उन्होंने 18 नवंबर 2000 को सिंगर, एंटरप्रेन्योर और एक्स फ्लाइट अटेंडेंट राधिका मुखर्जी से शादी की है । उनके दो बेटे हैं, सोहम, जो एक रैपर है और शुभ, जो एक भारतीय गायक है।