श्रीनगर : हेमवती नंदन गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय ने इस साल विभिन्न विषयों में सीटों की संख्या पहले के मुकाबले कम कर दी है, जिसे देखते हुए छात्रों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया है. इस संबंध में नाराज छात्रों ने गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के खिलाफ कुलपति के पास शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने कुलपति को विवि के प्रति आगाह करने के साथ ही कहा कि यदि पहले की तरह सीटें नहीं भरी गईं तो छात्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

मिली जानकारी के मुताबिक इस साल के शैक्षणिक सत्र में विश्वविद्यालय की ओर से 1500 सीटों की कटौती की गई है. नई सीटों के मुताबिक रसायन विज्ञान में बीएससी में 605 की जगह 360 सीटें, जबकि एमएससी में 60 से 50 सीटें बनाई गई हैं. होम साइंस में भी बीए में 59 कई जगह 40 सीटें होंगी, जबकि एमए में 55 की जगह 40 सीटें बनाई गई हैं.

इसी तरह मैथ्स में बीएससी में 615 सीटों की जगह 360 सीटें रखी गई हैं, जबकि एमएससी की सीटें 70 से घटाकर 60 कर दी गई हैं. फिजिक्स में भी 615 सीटों की जगह अब 360 सीटें रखी गई हैं. स्टैटिक्स में भी बीएससी के लिए 144 की जगह 100 सीटें बनाई गई हैं।

गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व उपाध्यक्ष अनमोल भंडारी ने कहा कि इस संबंध में कुलपति को विश्वविद्यालय के प्रति पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है. उनसे सीटों को पूर्ववत रखने की मांग की गई है। पहले की तरह सीट नहीं मिली तो छात्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।