श्रीनगर : एक कहावत है ‘ जाको राखे साइयां मार सके ना कोई . ऐसा ही कुछ नजारा ऋषिकेश बद्रीनाथ हाईवे 58 पर देखने को मिला है। यहां देर रात मलेथा के पास एक डंपर अनियंत्रित होकर गदेरे में जा गिरा। जिसमें डंपर उड़ गया, लेकिन चालक व परिचालक को खरोंच तक नहीं आई। इतना ही नहीं दोनों आनन-फानन में गदेरे से निकलकर अपने-अपने घर चले गए।
जानकारी के अनुसार खनन सामग्री से भरा डंपर नंबर यूके UK 07 CC 2159 ऋषिकेश बद्रीनाथ हाईवे पर कीर्तिनगर से मलेथा जा रहा था. तभी चालक ने मलेथा के पास पुलिया पर डंपर से अपना नियंत्रण खो दिया। जिससे डंपर समेत चालक व परिचालक गदेरे में गिर गए। गनीमत रही कि चालक और परिचालक सुरक्षित बच गए, लेकिन डंपर चकनाचूर हो गया।

कीर्तिनगर कोतवाल चंद्रभान सिंह ने बताया कि बीती रात करीब एक बजे उन्हें सूचना मिली थी कि मलेथा पुलिया के पास डंपर दुर्घटना हो गई है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम जब रेस्क्यू ऑपरेशन के गदेरे में उतरी तो मौके पर डंपर के अलावा कोई नहीं मिला। इसके बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि डंपर चालक व परिचालक मौके से घर चले गए हैं. जो सुरक्षित हैं।

