श्रीनगर : नगर पंचायत कीर्तिनगर की बोर्ड बैठक बुलाई गई. बैठक में शहीद नागेंद्र सकलानी व मोलू भरदारी मेले की तैयारियों समेत एक दर्जन से अधिक जनहित प्रस्ताव पारित किए गए. बैठक में निर्णय लिया गया कि गत वर्षों की तरह इस बार भी शहीद नागेंद्र सकलानी, मोलू भरदारी सांस्कृतिक एवं विकास मेला भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा.
नगर पंचायत सभागार में नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी जाखी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निकाय के विभिन्न जनहित के एक दर्जन से अधिक प्रस्ताव पारित किये गये. इनमें नगर पंचायत की आय बढ़ाने के लिए नगर में विभिन्न शौचालयों की सुविधा एवं मरम्मत, विभिन्न पार्कों में जिम चेयर एवं खेल उपकरण, शहर में विभिन्न स्थानों पर दुकानों का निर्माण एवं पर्यटन के क्षेत्र में विभिन्न निर्माणों की सुविधा एवं मरम्मत का निर्णय लिया गया है।

नगर पंचायत अध्यक्ष कैलाशी जाखी ने कहा कि 11 जनवरी 2023 से 14 जनवरी 2023 तक अमर शहीद नागेंद्र सकलानी व मोलू भारदारी सांस्कृतिक विकास मेला भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शहर को साफ सुथरा रखने के लिए प्राथमिकता के आधार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा। बैठक में सभासद विकास दुमागा, दीपा देवी, अजय रावत, अधिशासी अधिकारी रोशन सिंह पुंडीर, लेखा लिपिक सुमित लिंगवाल व सरदार सिंह उपस्थित थे.

