श्रीनगर , PAHAAD NEWS TEAM

पौड़ी जिले के श्रीनगर कोतवाली में फाइनेंस कंपनी और एक एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है. इस संबंध में पीड़ित ने कोतवाली में शिकायत कर राशि वापस दिलाने की मांग की है. मिस्त्री मोहल्ला निवासी सिराज मोहम्मद ने पुलिस को बताया कि उत्तरकाशी के बड़कोट थाने में एक निजी फाइनेंस कंपनी के खिलाफ ग्राहकों के पैसे नहीं लौटाने की शिकायत दर्ज कराई गई है, फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

मिस्त्री मोहल्ला निवासी सिराज मोहम्मद ने श्रीनगर कोतवाली में ठगी और धोखाधड़ी की शिकायत की है. सिराज ने बताया कि 28 अक्टूबर 2020 को आरडी के जरिए एक निजी फाइनेंस कंपनी में खाता शुरू किया गया था. यह खाता उसने लंबगांव टिहरी निवासी एक युवक के जरिए खोला था। एक साल बाद खाते की मैच्योरिटी होने पर उसे रकम वापस नहीं मिली । इसी बीच उसे पता चला कि एजेंट धोखे से फरार हो गया है। कंपनी और एजेंट ने मिलकर सिराज से 30 हजार रुपये ठगे हैं।

सिराज ने बताया कि मोबाइल पर जब एजेंट से संपर्क किया गया तो वह गुमराह करता रहा। आखिरकार उन्होंने 24 दिसंबर, 2021 को कंपनी के हेड ऑफिस देहरादून को ई-मेल किया। लेकिन वहां से भी कोई जवाब नहीं आया। सिराज ने पुलिस से उक्त मामले में कार्रवाई कर रुपए वापस दिलाने की मांग की है। कोतवाली श्रीनगर के एसएसआई रणवीर रमोला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है