हरिद्वार : टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी वंदना कटारिया को उत्तराखंड सरकार ने नई जिम्मेदारी सौंपी है। वंदना कटारिया को प्रदेश सरकार ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ मुहिम का ब्रांड एम्बेसडर बनाया है। प्रदेश के खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने आज इसका ऐलान किया। खेल मंत्री अरविंद पांडेय आज हरिद्वार स्थित वंदना कटारिया के घर पहुंचे और वहां उनकी मां और भाइयों से मुलाकात की। इस दौरान मंत्री ने सरकार की ओर से वंदना की मां और भाइयों का सम्मान किया।

वंदना को बनाया गया बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का ब्रांड एम्बेसडर
महिला हॉकी टीम का टोक्यो ओलंपिक में प्रदर्शन ओलंपिक के इतिहास में अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। इसी वजह से ब्रिटेन से हार के बावजूद इस टीम की खिलाड़ियों की देशभर में तारीफ हो रही है। साथ ही खिलाड़ियों के लिए संबंधित राज्यों की सरकारें इनामों की घोषणा भी कर रही हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार ने वंदना कटारिया को अब बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ मुहिम का ब्रांड एम्बेसडर बनाया है। आज जब प्रदेश के खेल मंत्री हरिद्वार में स्थित वंदना के घर पर उनके परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे, तो उन्होंने पहले सरकार की ओर से खिलाड़ी के परिजनों को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने वंदना की मां और उनके भाइयों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया.

तीलू रौतेली पुरस्कार का भी किया गया ऐलान
उत्तराखंड सरकार ने वंदना कटारिया को तीलू रौतेली पुरस्कार से नवाजे जाने का भी ऐलान किया था। इसके तहत वंदना समेत प्रदेश की 21 महिलाओं को 31,000 रुपए और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा राज्य सरकार ने वंदना को ओलंपिक खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 25 लाख रुपए का इनाम देने की भी घोषणा की है। वंदना कटारिया के ओलंपिक में प्रदर्शन के बाद राज्य की पुष्कर धामी सरकार ने खेल नीति लागू करने की भी योजना बनाई है।