अबू धाबी, PAHAAD NEWS TEAM

रविवार को टी20 वर्ल्ड कप के बेहद अहम मुकाबले में जब न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी तो भारतीय टीम की सांसें थम जाएंगी क्योंकि सेमीफाइनल में पहुंचने की उनकी सारी उम्मीदें इस मैच पर टिकी हैं.

टीम इंडिया के साथ-साथ करोड़ों भारतीय भी इस मैच में अफगानिस्तान की जीत की दुआ कर रहे होंगे। अगर न्यूजीलैंड जीत जाता है तो भारत के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे बंद हो जाएंगे क्योंकि न्यूजीलैंड के आठ अंक होंगे और भारत आखिरी मैच जीतने के बाद भी उतने अंक नहीं बना पाएगा।

अगर अफगानिस्तान न्यूजीलैंड को हरा देता है तो उसकी मामूली उम्मीदें बनी रहेंगी जबकि भारत के लिए संभावनाएं मजबूत होंगी, जिसे आखिरी मैच अच्छे अंतर से जीतना होगा.

अगर न्यूजीलैंड जीत जाता है तो नामीबिया के खिलाफ भारत का आखिरी लीग मैच औपचारिकता ही रहेगा। नामीबिया को शुक्रवार को हराने के बाद न्यूजीलैंड की टीम आत्मविश्वास से भरी है।

शीर्ष क्रम की नाकामी से उबरते हुए जिम्मी नीशाम और ग्लेन फिलिप्स ने टीम को अच्छा स्कोर दिया. न्यूजीलैंड के पास मजबूत गेंदबाजी आक्रमण है जो अफगानिस्तान के बल्लेबाजों के लिए परेशानी का सबब साबित होगा।

मैच का समय: दोपहर 3:30 से

अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने अब तक अपने स्पिनरों के दम पर अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि, उनके बल्लेबाजों का सामना अब ट्रेंट बोल्ट, टिम साउदी, तेज गेंदबाज एडम मिल्ने और स्पिनर ईश सोढी तथा मिशेल सेंटनेर से होगा जो शानदार फॉर्म में हैं।

अफगानिस्तान के बल्लेबाज अगर अच्छा स्कोर कर सकते हैं तो राशिद खान के नेतृत्व में गेंदबाज कमाल कर सकते हैं। मुजीबुर रहमान की चोट से गेंदबाजी आक्रमण कमजोर हुआ है लेकिन वह स्पिन के खिलाफ कीवी गेंदबाजों की कमजोरी का फायदा उठा सकते हैं।

बल्लेबाजी में न्यूजीलैंड को मार्टिन गुप्टिल और डेरिल मिशेल से अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी, जिसके बाद कप्तान केन विलियमसन लीड करेंगे।

टीमें:

न्यूजीलैंड: केन विलियमसन (c), टॉड एस्टल, ट्रेंट बोल्ट, मार्क चैपमैन, डेवोन कोंवे, लॉकी फर्ग्युसन, मार्टिन गुप्टिल, काइल जैमीसन, डेरिल मिशेल, जिम्मी नीशाम, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल सेंटनेर, टिम सीफर्ट, ईश सोढी, टिम साउदी.

अफगानिस्तान: राशिद खान, रहमानुल्ला गुरबाज, हजरतुल्लाह जजई, उस्मान गनी, असगर अफगान, मोहम्मद नबी (c), नजीबुल्लाह जादरान, हशमतुल्ला शाहिदी, मोहम्मद शहजाद, मुजीब उर रहमान, करीम जनत, गुलबदीन नायब, नवीन-उल-हक, हामिद हसन, फरीद अहमद.