टनकपुर : मंगलवार को तहसील सभागार में 24 व 25 दिसंबर को होने वाले पुस्तक मेले को लेकर बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में उप जिला पदाधिकारी हिमांशु कफल्टिया एवं वरिष्ठ समाजसेवी रोहिताश अग्रवाल की अध्यक्षता में मेले की तैयारियों को लेकर कार्यकारिणी समिति का गठन कर दायित्व सौंपा गया. रोहिताश अग्रवाल को अध्यक्ष, हंसा जोशी को उपाध्यक्ष, नवल किशोर तिवारी को सचिव और अनिल चौधरी को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। ज्ञात हो कि राजकीय कन्या इंटर कॉलेज टनकपुर में पुस्तक मेला होना है। बताया गया कि मेले में 50 हजार से अधिक पुस्तकों के स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही साहित्यिक परिचर्चा, नाट्य कार्यशाला दीवार, पत्रिका कार्यशाला, बाल वैज्ञानिक गतिविधि, सांस्कृतिक संध्या एवं देश-विदेश के वैज्ञानिकों एवं साहित्यकारों से संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।

आयोजन समिति के अध्यक्ष रोहिताश अग्रवाल ने कहा कि पुस्तक मेले का आयोजन उत्साह के साथ किया गया. मेले के साथ ही विभिन्न कार्यक्रम और कार्यशालाओं का भी आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर तहसील सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें कार्यक्रम की रुपरेखा तैयार की गई है। कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी आयोजन समिति के पदाधिकारियों सहित सदस्यों को सौंपी गई। उप जिलाधिकारी हिमांशु कफल्टिया ने बताया कि पुस्तक मेले को लेकर आगे की कार्ययोजना तैयार की जा रही है. पुस्तक मेले से स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को काफी लाभ होगा। इससे आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। इस मौके पर पूर्णागिरी मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, टैक्सी यूनियन मदन राम, नारायण गैड़ा, व्यापार मंडल अध्यक्ष शाहिद हुसैन, लायंस क्लब अध्यक्ष अंकित अग्रवाल, हरेला क्लब अध्यक्ष डीडी भट्ट, पंकज उप्रेती, कपिल भार्गव सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे.

