टिहरी, PAHAAD NEWS TEAM
आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए मुनी की रेती थाना क्षेत्र में जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस कप्तान नवनीत भुल्लर काफी गंभीर नजर आ रहे हैं. उन्होंने मुनी की रेती, लक्ष्मणझूला और ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के बीच आपसी सामंजस्य स्थापित करने का प्रस्ताव बनाकर पुलिस मुख्यालय को भेजा है.
पुलिस मुख्यालय की मंजूरी मिली तो तीनों थानों की पुलिस ट्रैफिक प्लान पर काम करेगी। जिससे ऋषिकेश, मुनी की रेती और लक्ष्मण झूला क्षेत्र में जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है. इतना ही नहीं चारधाम यात्रा के दौरान मुनी की रेती क्षेत्र में भी अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। जिसमें मुख्य रूप से पर्यटन पुलिसकर्मी भी शामिल होंगे।
दरअसल, पुलिस कप्तान नवनीत भुल्लर ने बुधवार को मुनी की रेती थाने का सालाना निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कारागार गृह, रसोई और हथियारों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्था को बेहतर बताया. वहीं अभिलेखों की जांच में उन्होंने थाने को लंबित जांच को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए. वहीं सूर्यास्त के बाद गंगा में राफ्टिंग कराने वाले संचालकों की भी अब खैर नहीं होगी ।
सूर्यास्त के बाद गंगा में नहीं उतरेंगे राफ्ट: पुलिस कप्तान ने मुनी की रेती थाने को निर्देश दिए हैं कि सूर्यास्त के बाद नियमों के खिलाफ गंगा में राफ्टिंग कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. नवनीत भुल्लर के मुताबिक सूर्यास्त के बाद राफ्टिंग के दौरान अगर कोई हादसा होता है तो अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू को परेशानी का सामना करना पड़ता है.

